Govinda Dance Video: बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. रानी स्वर्णकार के साथ उनके कथित अफेयर की खबरें लगातार चर्चा में हैं. इसी बीच गोविंदा का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह वीडियो पटाया के एक क्लब का बताया जा रहा है, जहां एक्टर बैकग्राउंड डांसर्स के साथ अपने हिट गानों पर जमकर थिरकते नजर आए.
पटाया के क्लब में गोविंदा का डांस
वायरल वीडियो में गोविंदा सफेद शर्ट, ब्लैक पैंट और व्हाइट ब्लेजर में काफी स्टाइलिश नजर आ रहे हैं. उन्होंने अपने मशहूर गानों ‘यूपी वाला ठुमका’ और ‘सोनी के नखरे’ पर शानदार डांस किया. गोविंदा ने अपनी एनर्जी से वहां मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया. परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद उन्होंने फैंस से हाथ मिलाया और उनका अभिवादन भी किया.
गोविदा के डांस पर यूजर्स के रिएक्शन्स
गोविंदा के डांस को कई लोगों ने पसंद किया और उनकी एनर्जी की तारीफ की. हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल भी किया. एक यूजर ने लिखा, ‘क्या दिन आ गए यार.’ वहीं दूसरे ने कमेंट किया, ‘किसी पान मसाला एड से तो बेहतर है.’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘कम से कम वो किसी की शादी में तो नहीं डांस कर रहे.’ वहीं कुछ फैंस ने गोविंदा का बचाव करते हुए कहा कि इस उम्र में भी उनकी डांसिंग एनर्जी कमाल की है.
रानी स्वर्णकार संग जुड़ रहा गोविंदा का नाम
दरअसल, गोविंदा इन दिनों रानी स्वर्णकार के साथ अपनी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ को लेकर भी चर्चा में हैं. फिल्म में रानी फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी और गोविंदा इस प्रोजेक्ट के जरिए कमबैक करने की तैयारी में हैं. दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है, जिसके बाद उनके अफेयर की खबरों ने जोर पकड़ा. हालांकि, दोनों ने इन खबरों को लेकर कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की है.
सुनीता ने साधा था निशाना
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी रानी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं. उन्होंने गोविंदा पर तंज कसते हुए उन्हें ‘शुगर डैडी’ तक कह दिया था. सुनीता ने कहा था कि बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूमना और फिल्म के प्रमोशन की बातें करना ठीक नहीं है.
गोविंदा ने दिया रिएक्शन
इसके बाद गोविंदा ने भी एक वीडियो के जरिए अपना रिएक्शन दिया. उन्होंने सुनीता से हद में रहने की अपील करते हुए कहा कि भगवान ने उन्हें शोहरत, इज्जत और दौलत सब कुछ दिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी ऐसे व्यक्ति को जलील किया जाए जिसके पास ये चीजें नहीं हैं.
इतने सालों से साथ है कपल
बता दें, गोविंदा और सुनीता की शादी 11 मार्च 1987 को हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. बेटी टीना और बेटा यशवर्धन. पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें आती रही हैं और अब यह मामला खुलकर चर्चा में आ गया है.