हिंदी सिनेमा में कई ऐसे कलाकार रहे हैं, जिन्होंने अपने किरदारों से अलग पहचान बनाई, लेकिन कुछ कलाकार ऐसे भी हैं, जिनका एक किरदार ही उनकी पहचान बन जाता है. जिसे एक-दो नहीं बल्कि 6 बार एक किरदार को जीना का मौका मिला. वो एक्टर सुरेंद्र राजन हैं, जिन्होंने महात्मा गांधी का 6 बार रोल प्ले किया, और दर्शकों का खूब प्यार पाया, उन्होंने संजय दत्त के साथ हिट फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में काम किया और एक सीन से लोगों का दिल जीत लिया.
6 फिल्मों में बने महात्मा गांधी
सुरेंद्र राजन ने पहली बार साल 2002 में आई फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ में महात्मा गांधी का किरदार निभाया था. इसके बाद वह कई फिल्मों में इसी भूमिका में नजर आए. उनकी गांधी वाली फिल्मों की लिस्ट में ‘वीर सावरकर’ , ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ , ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस: द फॉरगॉटन हीरो’ , ‘द लास्ट डेज ऑफ द राज’ , ‘गांधी: द साइलेंट गन’ और ‘गुमनामी’ शामिल हैं.

महात्मा गांधी के किरदार के लिए सटीक बैठता है ये एक्टर
सुरेंद्र राजन का चेहरा, कद-काठी और बोलने का अंदाज महात्मा गांधी के किरदार के लिए काफी सटीक बैठता था. यही वजह रही कि उन्हें बार-बार इस भूमिका के लिए चुना गया. हालांकि, कुछ जगहों पर उनके 15 बार गांधी बनने का दावा भी मिलता है, लेकिन पब्लिक डोमेन में उनकी 6 फिल्मों के नाम प्रमुख रूप से सामने आते हैं.
‘मुन्ना भाई MBBS’ के मकसूद भाई ने जीता दिल
सुरेंद्र राजन की पॉपुलैरिटी सिर्फ गांधी के किरदार तक सीमित नहीं है. साल 2003 में आई राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में उन्होंने सफाईकर्मी मकसूद का किरदार निभाया था. फिल्म में उनका छोटा सा रोल था, लेकिन एक सीन ने दर्शकों के दिल में खास जगह बना ली.

इस सीन ने लोगों को किया था इमोशनल
फिल्म में संजय दत्त के किरदार मुन्ना का मकसूद भाई के साथ एक इमोशनल सीन होता है. मुन्ना उनके काम की तारीफ करते हुए उन्हें गले लगाता है और ‘जादू की झप्पी’ देता है. यह सीन आज भी फिल्म के यादगार पलों में गिना जाता है.
37 साल से फिल्मों का हिस्सा हैं सुरेंद्र राजन
मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले सुरेंद्र राजन ने साल 1989 में ‘इन विच एनी गिव्स इट वन्स’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. करीब 37 साल से फिल्मी दुनिया में सक्रिय सुरेंद्र राजन अब तक कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं. हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा याद उनके ‘मकसूद भाई’ और पर्दे पर निभाए गए महात्मा गांधी के किरदारों के लिए किया जाता है.