Drishyam 3 X Review: इंतजार खत्म हो चुका है. अजय देवगन की मच अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर दर्शकों के रिएक्शन भी सामने आने लगे हैं. शुरुआती एक्स रिव्यू में फिल्म को लेकर दर्शकों का रुझान पॉजिटिव नजर आ रहा है. खास तौर पर अजय देवगन, जयदीप अहलावत की एक्टिंग, सस्पेंस और क्लाइमैक्स चर्चा में हैं.
विजय सलगांवकर की आखिरी चाल कैसी लगी?
‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर बनकर लौटे हैं. पिछली दोनों फिल्मों की तरह इस बार भी कहानी विजय और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है. एक दर्शक ने फिल्म को लेकर लिखा कि अजय देवगन ने विजय के किरदार को शानदार तरीके से निभाया है, लेकिन जयदीप अहलावत की परफॉर्मेंस फिल्म में अलग ही इंटेंसिटी लेकर आती है.
दर्शकों के मुताबिक फिल्म का दूसरा हाफ खास तौर पर दिलचस्प है. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, सस्पेंस बढ़ता जाता है और विजय की आखिरी चाल देखने के लिए उत्सुकता बनी रहती है.
क्लाइमैक्स ने खींचा ध्यान
‘दृश्यम 3’ के शुरुआती रिव्यू में सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म के क्लाइमैक्स की हो रही है. एक दर्शक ने बताया कि फिल्म के आखिरी 30 मिनट काफी दिलचस्प हैं और क्लाइमैक्स को ओरिजिनल वर्जन से अलग रखा गया है. वहीं कुछ दर्शकों का विजय का अंदाज खूब पसंद आया.
अजय देवगन और जयदीप की टक्कर
अजय देवगन के शांत और दिमाग से खेल खेलने वाले विजय सलगांवकर वाले अंदाज को दर्शकों ने फिर पसंद किया है. वहीं जयदीप अहलावत की मौजूदगी को फिल्म की खासियत बताया जा रहा है. उनके किरदार की इंटेंसिटी कहानी में नया रंग जोड़ती है. श्रिया सरन और प्रकाश राज की परफॉर्मेंस को लेकर भी सोशल मीडिया पर रिएक्शन सामने आए हैं.
तीसरी फिल्म के साथ कहानी का अंत
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2015 में हुई थी. इसके बाद 2022 में ‘दृश्यम 2’ रिलीज हुई. अब ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ के साथ विजय सलगांवकर की कहानी अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है. फिल्म में अजय देवगन के अलावा तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और रजत कपूर अहम भूमिकाओं में हैं.