Divya Vinekar Funeral: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और विद्या बालन के साथ काम करने वाली एक्ट्रेस दिव्या विनेकर हमारे बीच नहीं रहीं. उनका 19 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया. उनके निधन की जानकारी उनकी दोस्त आरजे रोहिणी रामनाथन ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने अपनी करीबी दोस्त के निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें एक दर्दभरा गुडबाय कहा. हाल ही में आरजे रोहिणी रामनाथन ने दिव्या विनेकर के अंतिम संस्कार के बारे में भी जानकारी शेयर की है. चलिए जानते हैं कि आखिर दिव्या विनेकर का अंतिम संस्कार कब और कहां हुआ और उन्हें अंतिम विदाई देने कौन-कौन पहुंचा?
20 अक्टूबर को हुआ अंतिम संस्कार
आरजे रोहिणी रामनाथन ने 20 अक्टूबर, मंगलवार को इंस्टाग्राम पर दिव्या के अचानक निधन पर शोक व्यक्त किया. रोहिणी ने बताया कि दिव्या का अंतिम संस्कार 20 अक्टूबर को शिवाजी पार्क हिंदू श्मशान घाट में किया गया. इस पोस्ट में रोहिणी ने अपनी दोस्त के लिए लिखा, ‘अत्यंत दुख और सदमे के साथ मुझे आप सभी को बताना पड़ रहा है कि हमारी दिव्या विनेकर, @divyavinekar, आज इस दुनिया से विदा हो गईं. यह अचानक और अप्रत्याशित था. परिवार और वे सभी लोग जिनके जीवन को उन्होंने अपनी कृपा और प्रेम से छुआ, इस दुख से उबरने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, जो लोग उन्हें अंतिम विदाई देना चाहते हैं, वे 20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शिवाजी पार्क हिंदू श्मशान घाट पर आ सकते हैं.’
अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचा एक भी बॉलीवुड स्टार?
आलिया भट्ट और विद्या बालन जैसी स्टार एक्ट्रेसेस के साथ काम करने वाली एक्ट्रेस दिव्या विनेकर के अंतिम संस्कार में किसी भी बॉलीवुड स्टार की मौजूदगी नहीं देखी गई. इस दुखद समय में उनके परिवार, करीबी दोस्त और रेडियो इंडस्ट्री के सहकर्मी ही उन्हें अंतिम विदाई देने शिवाजी पार्क हिंदू श्मशान घाट पहुंचे.
दिव्या विनेकर का करियर
दिव्या विनेकर ने आलिया भट्ट के साथ फिल्म ‘डार्लिंग्स’ में फीमेल कॉन्स्टेबल का किरदार निभाया था. वहीं, विद्या बालन की फिल्म ‘जलसा’ में भी दिव्या विनेकर ने काम किया था. इस फिल्म में उन्होंने एक WRD कर्मचारी का किरदार निभाया था. दिव्या विनेकर ने रेडियो इंडस्ट्री से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था. वह रेडियो फीवर एफएम (Fever FM) में काम करती थीं. इसके अलावा, वह एक बेहतरीन डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, कवयित्री और फ्रीलांस राइटर भी थीं.