Anupam Kher On Daler Mehndi: ‘क्या मंच पर सबके सामने बेइज्जत करना जरूरी था?’ दलेर मेहंदी को लेकर छिड़े विवाद पर अनुपम खेर ने उत्तराखंड के मंत्री से यह सवाल पूछा है. ऋषिकेश में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद बॉलीवुड के कई सितारे सिंगर के सपोर्ट में उतर आए हैं. अनुपम खेर के अलावा मीका सिंह और बादशाह ने भी इस मामले पर अपना रिएक्शन दिया है. वहीं, सिंगर सोना मोहपात्रा ने इस विवाद का दूसरा पहलू सामने रखा है.
दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आए अनुपम खेर
दलेर मेहंदी हाल ही में उत्तराखंड के ऋषिकेश में आयोजित कुंजापुरी नवरात्र मेले में परफॉर्म करने पहुंचे थे. इस दौरान उनके प्रदर्शन को लेकर विवाद खड़ा हो गया. आरोप लगे कि सिंगर मंच पर ठीक से परफॉर्म नहीं कर रहे थे और लिप-सिंक कर रहे थे. इसके बाद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही दलेर मेहंदी को फटकार लगा दी. अब इस मामले पर अभिनेता अनुपम खेर ने नाराजगी जताई है.
अनुपम खेर ने मंत्री जी से पूछे सवाल
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि उन्होंने दलेर मेहंदी और मंत्री के बीच हुई बातचीत का वीडियो देखा. उन्होंने लिखा कि मंत्री का मंच पर सिंगर से बात करने का तरीका देखकर उन्हें बुरा लगा. अनुपम ने यह भी बताया कि वह दलेर मेहंदी को कई साल से जानते हैं और उन्हें जानकारी है कि सिंगर की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं है.
‘क्या निजी तौर पर बात नहीं कर सकते थे?’
अनुपम खेर ने मंत्री से सवाल करते हुए कहा कि अगर उन्हें दलेर मेहंदी के परफॉर्मेंस से कोई शिकायत थी, तो वह उनसे नाराजगी जता सकते थे, लेकिन क्या सबके सामने उन्हें अपमानित करना जरूरी था? अनुपम के मुताबिक, यही बात सिंगर से निजी तौर पर भी कही जा सकती थी, ताकि उनकी गरिमा और सम्मान बना रहता.
मीका सिंह और बादशाह ने भी किया सपोर्ट
इस विवाद में दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह भी उनके सपोर्ट में उतरते नजर आए. मीका ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि उनके भाई पिछले दो साल से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है. उन्होंने दलेर के शराब पीने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके भाई शराब नहीं पीते. मीका ने यहां तक कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि दलेर शराब पी रहे थे, तो वह गाना छोड़ देंगे.

रैपर बादशाह ने जताई नाराजगी
वहीं, रैपर बादशाह ने भी सार्वजनिक मंच पर किसी कलाकार को अपमानित करने पर दुख जताया. उनका कहना था कि किसी कलाकार के प्रदर्शन से निराशा हो सकती है, लेकिन उसे सबके सामने बेइज्जत करना सही नहीं है.

सोना मोहपात्रा ने उठाया दूसरा पक्ष
जहां कई सितारे दलेर मेहंदी के समर्थन में नजर आए, वहीं सिंगर सोना मोहपात्रा ने इस विवाद के दूसरे पहलू पर ध्यान दिलाया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आयोजकों और फैंस की भावनाओं का जिक्र किया. सोना ने फरवरी में हुए एक इवेंट का उदाहरण देते हुए बताया कि जब दर्शकों को अपने पसंदीदा सिंगर से उम्मीद के मुताबिक परफॉर्मेंस नहीं मिलती, तो उन्हें कितनी निराशा होती है.