Bigg Boss 20: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) को लेकर हलचल तेज हो गई है. दर्शक यह जानने के लिए बेहद बेताब हैं कि इस बार कौन से सितारे शो में एंट्री लेंगे. इसी बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के भाई फैसल खान (Faizal Khan) इस सीजन में बतौर सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट नजर आ सकते हैं.
‘बिग बॉस’ में फैसल की एंट्री?
‘वैरायटी इंडिया’ की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता आमिर खान के छोटे भाई फैसल खान ‘बिग बॉस 20’ का हिस्सा बन सकते हैं. मेकर्स उन्हें एक सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट के रूप में शो में लाने की तैयारी कर रहे हैं. इसके साथ ही सलमान खान एक बार फिर 16वीं बार शो को होस्ट करते नजर आएंगे, जिससे फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं.
सेलिब्रिटी सिबलिंग्स की लिस्ट में नाम
अगर फैसल खान शो में शामिल होते हैं, तो वे उन मशहूर बॉलीवुड सितारों के भाई-बहनों की सूची में जुड़ जाएंगे जो पहले भी इस शो में अपनी पहचान बना चुके हैं. उनसे पहले शिल्पा शेट्टी की बहन शमिता शेट्टी, काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी और कोरियोग्राफर-डायरेक्टर फराह खान के भाई साजिद खान जैसे सितारे बिग बॉस के पिछले सीजन्स का हिस्सा रह चुके हैं.
परिवार संग विवाद बनेगा शो का यूएसपी
फैसल खान का बिग बॉस में आना इसलिए भी काफी सुर्खियां बटोर रहा है क्योंकि उनके अपने परिवार, खासकर बड़े भाई आमिर खान के साथ रिश्ते कुछ खास अच्छे नहीं रहे हैं. फैसल कई बार अपने परिवार पर खुलेआम कई आरोप लगा चुके हैं. चूंकि सलमान खान खुद आमिर खान के बेहद करीबी दोस्त हैं, ऐसे में फैसल की मौजूदगी से शो में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल सकता है.
2022 में ठुकरा दिया था ऑफर
यह पहली बार नहीं है जब मेकर्स ने फैसल खान से संपर्क किया है. इससे पहले साल 2022 में प्रसारित हुए ‘बिग बॉस 16’ के लिए भी फैसल को अप्रोच किया गया था, लेकिन उस वक्त उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया था. अगर इस बार वे अपनी सहमति देते हैं, तो यह उनका किसी भी बड़े रियलिटी शो में पहला कदम होगा.
आधिकारिक पुष्टि का है इंतजार
फैसल खान के ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने की खबरों ने सोशल मीडिया पर खूब हलचल मचा दी है, हालांकि अभी तक मेकर्स या खुद फैसल की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. फैंस यह देखने के लिए बेताब हैं कि अगर फैसल शो में आते हैं तो सलमान खान के साथ उनका तालमेल कैसा रहता है.