Amitabh Bachchan Memorial: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने पिता और मशहूर कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की यादों को हमेशा के लिए सहेजने की तैयारी में हैं. अमिताभ बच्चन अयोध्या में अपने पिता की स्मृति में एक मेमोरियल बनवाने जा रहे हैं. इसके लिए डॉ. हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट ने अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) में मानचित्र मंजूरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
अयोध्या में बनेगा हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मेमोरियल अयोध्या के दशरथपथ के किनारे बनाया जाएगा. ट्रस्ट की ओर से निर्माण से जुड़े मानचित्र को मंजूरी के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण के सामने पेश किया गया है. फिलहाल मानचित्र से जुड़ी शुरुआती प्रक्रिया चल रही है.
क्यों मांगा गया 15 दिनों का समय?
अधिकारियों के मुताबिक, मानचित्र को मंजूरी देने से पहले नियमानुसार आपत्तियां मांगी गई हैं. इसके लिए 15 दिनों का समय दिया गया है. इस अवधि के बाद आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने पर मानचित्र को मंजूरी देने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कितने करोड़ में खरीदी थी जमीन?
अमिताभ बच्चन ने अपने पिता के नाम से बने ट्रस्ट के जरिए अयोध्या में जमीन खरीदी थी. बताया जा रहा है कि साल 2023-24 में डॉ. हरिवंश राय बच्चन ट्रस्ट की ओर से अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप के द सरयू प्रोजेक्ट में करीब 54 हजार वर्ग फुट जमीन खरीदी गई थी. इस जमीन की कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई गई है.
‘बिग बी’ के जमीन खरीदे पर खूब हुई थी चर्चा
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अमिताभ बच्चन की इस जमीन खरीद ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं. अब इसी जमीन पर उनके पिता की स्मृति में मेमोरियल बनाए जाने की खबर सामने आई है.
दशरथ पथ पर चल रहा है तेजी से विकास
जिस इलाके में यह मेमोरियल बनने वाला है, वहां इन दिनों तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं. अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप की ओर से दशरथ पथ के किनारे आधुनिक सुविधाओं वाला आवासीय परिसर विकसित किया जा रहा है. इसी प्रोजेक्ट में फाइव स्टार होटल का निर्माण भी किया जा रहा है.
रामनगरी के अहम विकास प्रोजेक्ट्स में एक है दशरथ पथ
दशरथ पथ रामनगरी के अहम विकास प्रोजेक्ट्स में शामिल है. यह रास्ता सरयू नदी के अयोध्या बिल्वहरिघाट तटबंध के समानांतर बनाया जा रहा है और इसका निर्माण अंतिम चरण में बताया जा रहा है.
अमिताभ का पिता से बेहद खास रहा है रिश्ता
अमिताभ बच्चन और उनके पिता हरिवंश राय बच्चन का रिश्ता बेहद खास रहा है. हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के बड़े नामों में शुमार रहे हैं और उनकी रचनाओं का अमिताभ के जीवन पर भी गहरा प्रभाव रहा है. ऐसे में पिता की स्मृति में अयोध्या में मेमोरियल बनवाने का फैसला अमिताभ के लिए भावनात्मक रूप से भी बेहद खास माना जा रहा है.