Influencer Manjeet Kaur Case Update: सोशल मीडिया पर पंजाब की फेमस इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर को लेकर एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. मनजीत कौर की 26 अगस्त को इलाज के दौरान मौत हो गई. मनजीत का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था. उनके साथ हुई दरिंदगी ने हर किसी को अंदर तक हिला दिया है. दरअसल, 28 साल की इन्फ्लुएंसर को पहले किडनैप किया गया और इसके बाद मोरिंडा ले जाकर पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई. इस घटना में मनजीत बुरी तरह झुलस गई थीं. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. करीब 54 दिन बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. चलिए आपको पूरा मामला समझाते हैं.
किडनैप किया और पेड़ से बांधकर जला दिया…
मनजीत कौर 28 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं. करीब 2 महीने पहले मनजीत को चंडीगढ़ से अगवा किया गया था. इसके बाद उन्हें मोरिंडा ले जाया गया और वहां पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई. इस घटना के करीब 54 दिन बाद 26 अगस्त को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मनजीत कौर की मां कांता देवी की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने किडनैपिंग और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. कांता देवी ने बताया कि 3 जुलाई की देर रात शुभी और पिंडा ने फोन करके मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में एक शराब की दुकान के पास मिलने के लिए बुलाया था. वहां दोनों ने मनजीत को जबरन कार में बैठाया और मोरिंडा ले गए. वहां जंगल में मनजीत को शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई.

इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद मनजीत का एक परिचित मौके पर पहुंचा और कंबल डालकर आग बुझाई. इसके बाद उन्हें तुरंत मोरिंडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से बाद में उन्हें मोहाली के मैक्स अस्पताल शिफ्ट किया गया. इसके बाद 9 जुलाई को मनजीत को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था. 5 अगस्त को उन्हें थोड़ा होश आया और उन्होंने अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया. हालांकि, इलाज के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती गई और 26 अगस्त को उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल ने पोस्टमॉर्टम के बाद मनजीत का शव परिवार को सौंप दिया.