TV Actress First Meeting With Shah Rukh Khan: बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान की फैन फॉलोइंग लिस्ट में आम लोगों के साथ-साथ कई एक्टर्स और एक्ट्रेसेस के नाम भी शामिल है. शाहरुख खान की ऐसी ही एक फैन टीवी जगत की पॉपुलर एक्ट्रेस हिना खान भी हैं. हाल ही में हिना खान ने शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात और पहली फोटो का दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. जहां उन्होंने बताया कि वो शाहरुख खान से पहली बार फ्लाइट में मिली थीं. जहां उन्होंने शाहरुख खान को अपने बगल की सीट पर सोते हुए देखा तो वो हैरान रह गई. हिना ने भी बताया कि उन्होंने शाहरुख खान के साथ फोटो खिंचवाने के लिए घंटों इंतजार किया था. चलिए जानते हैं कि एक्ट्रेस ने और क्या कुछ कहा है.
हिना खान और शाहरुख खान की पहली मुलाकात
हिना खान ने रॉकी जायसवाल, रुबीना दिलाइक और अभिनव शुक्ला के पॉडकास्ट ‘पीओवी’ में शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा शेयर किया है. हिना ने कहा, ‘जब मैं पहली बार शाहरुख खान से मिली, तो हम एक ही फ्लाइट में थे. मेरे टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ को शुरू हुए डेढ़ साल हो चुके थे. मैं इंडस्ट्री में बिल्कुल नई थी. फ्लाइट में जब मैंने उन्हें अपने बगल में बैठे देखा तो मैंने गहरी सांस ली और फिर मैंने देखा कि वह सो रहे थे. मुझे इस पर यकीन नहीं हुआ. मैं उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए बेताब थी, लेकिन वह उठ ही नहीं रहे थे. किसी तरह वो कॉफी के लिए उनकी नींद खुली. लेकिन वो इतने थके हुए थे कि वापस सो गए.’
फोटो खिंचवाने का वादा
हिना ने आगे बताया कि शाहरुख ने उनसे सोने बाद फोटों खिंचवाने का वादा किया था. हिना ने कहा, ‘मैंने उन्हें हाथ हिलाकर ‘हाय’ कहा और पूछा कि क्या मैं उनके साथ एक तस्वीर खिंचवा सकती हूं. उन्होंने कहा, ‘रुको, मैं तुम्हारे साथ फोटो खिंचवा लूंगा.’ इसके बाद उन्होंने अपनी कॉफी पी और वापस सो गए. मैं उनके उठने का इंतजार करती रही जब हम फ्लाइट से उतरे, तो मुझे लगा कि मौका हाथ से निकल गया, लेकिन वो उठे और मुझे बुलाया, हमारी एक तस्वीर खींची गई. बाद में हम दोनों एक ही बस में गए. जहां वो आखिरी सीट पर जाकर फिर से सो गए. उस समय वो किसी फिल्म का प्रमोशन कर रहे थे और कई दिनों से सोए नहीं थे.’
जब शाहरुख से मिले अभिनव शुक्ला
इस दौरान अभिनव शुक्ला ने भी शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा शेयर किया. अभिनव ने कहा, ‘एसआरके (शाहरुख खान) से मेरी पहली मुलाकात तब हुई थी जब मैं पंजाब से नया-नया मुंबई आया था और मॉडलिंग कर रहा था. हम एक घड़ी के ब्रांड के लिए रैंप शो कर रहे थे. जब हम बैकस्टेज थे, तो हमने एसआरके को अंदर आते देखा; यह पहली बार था जब मैंने उन्हें देखा था. मैंने उनसे हाथ मिलाने का फैसला किया. वह अपने मैनेजर से बात कर रहे थे, फिर उन्होंने मेरी तरफ देखा, खड़े हुए और मुझसे हाथ मिलाया. यही उस इंसान के कैरेक्टर को दिखाता है.’