Koffee With Karan 9: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और करिश्मा कपूर की जोड़ी 90 के दशक में खूब पसंद की जाती थी. दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया और इसी दौरान उनकी दोस्ती भी गहरी हो गई. अब करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ में दोनों ने अपनी दोस्ती और फिल्मों से जुड़े कई मजेदार किस्से सुनाए. इस दौरान सलमान ने करिश्मा के साथ अफेयर को लेकर ऐसी बात की, कि एक्ट्रेस भी हैरान रह गईं.
करिश्मा संग अफेयर पर सलमान ने क्या कहा?
शो में करिश्मा कपूर ने बताया कि उन्होंने सलमान खान के साथ करीब 11 फिल्मों में काम किया है. दोनों लगातार शूटिंग करते थे और कई प्रोजेक्ट्स में साथ नजर आते थे. करिश्मा ने कहा कि उनकी और सलमान की दोस्ती हमेशा खास रही है. दोनों के बीच प्यार नहीं, बल्कि दोस्ती का रिश्ता था.
‘करिश्मा छोड़कर चली गईं’
इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि करिश्मा झूठ बोल रही हैं और दोनों का अफेयर था. इसके बाद ‘भाईजान’ ने कहा कि करिश्मा उन्हें छोड़कर शादी करके चली गईं और उनका दिल टूट गया. सलमान की यह बात सुनकर करिश्मा ने उन्हें चुप रहने को कहा. दोनों की इस मस्ती ने शो में खूब रंग जमाया.
चॉकलेट देकर सलमान ने शुरू की थी दोस्ती
करिश्मा ने सलमान के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि जब फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ रिलीज हुई थी, तब वह महज 16 साल की थीं. उस समय वह सरोज खान से डांस सीख रही थीं और सलमान फिल्म ‘बागी’ की रिहर्सल कर रहे थे.
सलमान ने करिश्मा से पूछा था सवाल?
करिश्मा के मुताबिक, सलमान ने उनसे पूछा कि क्या वह डब्बू अंकल की बेटी हैं. उन्होंने करिश्मा की मेहनत की तारीफ की और उन्हें चॉकलेट दी. यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई. करिश्मा ने यह भी बताया कि सलमान को चॉकलेट बहुत पसंद थी.
करिश्मा की छोटी ड्रेस पर क्यों भड़क गए थे सलमान?
करिश्मा ने फिल्म ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ की शूटिंग का एक मजेदार किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि एक गाने में छोटी ड्रेस पहनने पर सलमान ने आपत्ति जताई थी. इसके बाद वह निर्देशक डेविड धवन के पास शिकायत लेकर पहुंच गईं. सलमान ने सफाई देते हुए कहा कि ड्रेस इतनी छोटी थी कि बार-बार ऊपर खिसक रही थी. इसलिए वह करिश्मा को उसे ठीक करने के लिए कह रहे थे.
रणबीर-रणवीर की एक्टिंग पर क्या बोले ‘भाईजान’?
वहीं शो में सलमान से रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ में बेहतर अभिनय चुनने के लिए कहा गया. इस पर उन्होंने किसी एक का नाम लेने से इनकार कर दिया. सलमान ने कहा कि दोनों कलाकार शानदार हैं, लेकिन उनकी एक्टिंग का अंदाज अलग है. रणवीर की एनर्जी और रणबीर की इंटेंसिटी उन्हें खास बनाती है.