Dipika Kakar: टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने अपनी पर्सनल लाइफ की मुश्किल चुनौतियों से जंग जीतकर स्क्रीन पर धमाकेदार कमबैक किया है. उनका नया रोमांटिक म्यूजिक वीडियो ‘मेहंदी से लिख दे मेरा नाम’ (Mehndi Se Likh De Mera Naam) रिलीज हो चुका है और फैंस इस पर भरपूर प्यार लुटा रहे हैं. सबसे खास बात यह है कि इस इमोशनल और खूबसूरत गाने को उनके पति शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने खुद डायरेक्ट किया है.
कैंसर के बाद ऑनस्क्रीन धमाकेदार वापसी
कैंसर का पता चलने के बाद दीपिका कक्कड़ काफी कठिन दौर से गुजरी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी दो बड़ी सर्जरीज हो चुकी हैं और फिलहाल उनकी इम्यूनोथेरेपी चल रही है. सेहत की इतनी बड़ी चुनौतियों के बावजूद दीपिका ने हार नहीं मानी और अपने बिजनेस के साथ-साथ अब एक्टिंग में भी स्ट्रॉन्ग कमबैक किया है.
पति शोएब ने संभाली डायरेक्शन की कमान
इस म्यूजिक वीडियो को खुद शोएब इब्राहिम ने डायरेक्ट किया है, जिससे यह प्रोजेक्ट उनके दिल के बेहद करीब बन गया. शोएब ने माना कि वे दीपिका की वापसी को लेकर काफी नर्वस और एक्साइटेड दोनों थे. वे दीपिका के कमबैक वाले हर सिंगल फ्रेम को एकदम रियल, स्पेशल और खूबसूरत दिखाना चाहते थे.
शोएब ने जताया टीम का आभार
शोएब इब्राहिम ने प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी टीम का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि एक अच्छी टीम के बिना ऐसा काम मुमकिन नहीं था. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जितना मजा उन्हें इस गाने को शूट करने में आया, उम्मीद है दर्शकों को भी दीपिका का यह रूप उतना ही पसंद आएगा.
ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने जीता दिल
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. वीडियो में दीपिका और शोएब की ऑफस्क्रीन जैसी ही ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री भी कमाल की लग रही है. दोनों की जोड़ी बेहद प्यारी दिख रही है और फैंस अपनी पसंदीदा बहू का स्क्रीन पर यह ग्लैमरस अवतार देखकर बेहद खुश हैं.
फैंस ने बताया क्वीन का कमबैक
म्यूजिक वीडियो के कमेंट सेक्शन में फैंस जमकर प्यार बरसा रहे हैं. दीपिका के जज्बे की तारीफ करते हुए फैंस ने कमेंट किया, “क्वीन ने क्या शानदार कमबैक किया है!” अपनी हेल्थ प्रॉब्लम के बीच दीपिका का यह वर्क कमबैक उनके चाहने वालों के लिए बेहद इंस्पायरिंग साबित हो रहा है.