Crime Patrol Ajay Devgn 90 Crore Fees: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) ने सोनी टीवी के बेहद लोकप्रिय शो ‘क्राइम पेट्रोल’ (Crime Patrol) के नए सीजन के साथ टीवी होस्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया है. 15 एपिसोड के इस खास प्रोजेक्ट के लिए अजय देवगन को करीब 90 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस मिलने की खबर है. हालांकि, इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद वे देश में सबसे ज्यादा फीस पाने वाले टीवी होस्ट का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं. आइए जानते हैं कौन है टीवी का सबसे महंगा होस्ट…
‘क्राइम पेट्रोल’ के लिए 90 करोड़
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन की मेजबानी के लिए अजय देवगन ने 15 एपिसोड्स का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके लिए उन्हें 90 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं. 31 अगस्त से ऑन-एयर हुए इस शो के जरिए वे अमिताभ बच्चन, सलमान खान और शाहरुख खान जैसे उन बड़े सितारों की लीग में शामिल हो गए हैं जो छोटे पर्दे पर अपनी छाप छोड़ चुके हैं.
सलमान खान नंबर-1 पर बरकरार
भले ही अजय देवगन को 90 करोड़ रुपये मिले हों, लेकिन वे सलमान खान (Salman Khan) का ऑल-टाइम रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके. सलमान पिछले 15 सालों से ‘बिग बॉस’ (Bigg Boss) को होस्ट कर रहे हैं. एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने एक सीजन के लिए 250 करोड़ रुपये तक की भारी-भरकम रकम हासिल की थी. वे एक हफ्ते के ‘वीकेंड का वार’ शूटिंग के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये चार्ज किया करते थे.
अमिताभ और अन्य महंगे होस्ट्स
टीवी इंडस्ट्री के अन्य दिग्गज होस्ट्स की बात करें तो अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के हर नए सीजन के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की फीस लेते हैं. गैर-कलाकारों में करण जौहर ‘कॉफी विद करण’ के लिए लगभग 25 करोड़ रुपये लेते हैं. वहीं रोहित शेट्टी को ‘खतरों के खिलाड़ी’ के लिए 12 से 14 करोड़ रुपये मिलते हैं. 90 करोड़ के साथ अजय अब इस सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं.
सावधान रहने का दिया संदेश
शो का हिस्सा बनने पर अजय देवगन ने कहा कि ‘क्राइम पेट्रोल’ का मुख्य मकसद लोगों के बीच अपराध के प्रति सतर्कता फैलाना है. उन्होंने कहा कि यह शो दर्शकों को अपने आसपास के माहौल और लोगों को लेकर अधिक सावधान रहना सिखाता है. एक्टर को उम्मीद है कि वे देश के गंभीर आपराधिक मामलों के जरिए जनता को डरने के बजाय सतर्क रहने और समझने में मार्गदर्शन कर पाएंगे.
अनूप सोनी से जुड़ा शो
साल 2003 में शुरू हुए ‘क्राइम पेट्रोल’ के अब तक कई लोकप्रिय वर्जन्स आ चुके हैं, जैसे ‘सतर्क’, ‘दस्तक’ और ‘डायल 100’. लंबे समय तक होस्ट करने के कारण अभिनेता अनूप सोनी (Anup Soni) इस शो का पर्याय बन चुके हैं. उनके अलावा साक्षी तंवर, आशुतोष राणा, दिव्यांका त्रिपाठी, सोनाली कुलकर्णी और रेणुका शहाणे जैसी मशहूर हस्तियां भी अलग-अलग मौकों पर इस शो का संचालन कर चुकी हैं.