Jailer 2 Release Date: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ इन दिनों सुर्खियों में हैं. पिछले कुछ दिनों से फिल्म की रिलीज डेट को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आईं, जिसमें दावा किया गया कि फिल्म की रिलीज डेट बढ़ सकती है और इसके कुछ हिस्सों की दोबारा शूटिंग भी की जा रही है. वहीं अब फिल्म के मेकर्स ने इन सभी खबरों को खारिज करते हुए फिल्म की रिलीज डेट को लेकर बड़ा अपडेट शेयर किया है.
कब रिलीज होगी ‘जेलर 2’
हाल ही में ‘जेलर 2’ के मेकर्स ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर साफ बताया कि फिल्म की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. सन पिक्चर्स ने अपने एक्स पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए कंफर्म किया कि ‘जेलर 2’ पोस्टपोन नहीं हुई है. ये फिल्म अपनी पहले से तय तारीख यानी 15 अक्टूबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
October 15th Alappara Kelappurom!🔥 #Jailer2@rajinikanth @Nelsondilpkumar @anirudhofficial @vijaykartikdop @Nirmalcuts @ChethanDsouza @AlwaysJani @KiranDrk #PallaviSingh @valentino_suren #SantoshRaju @kabilanchelliah @kuchirayar73 @RIAZtheboss #Jailer2FromOct15 pic.twitter.com/vhrR4Z2nSD
— Sun Pictures (@sunpictures) September 2, 2026
फिल्म के बारे में
बात करें फिल्म की तो, ‘जेलर 2’ को नेल्सन दिलीपकुमार ने लिखा और डायरेक्ट किया है. ये फिल्म साल 2023 में आई सुपरहिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है. फिल्म में रजनीकांत और रम्या कृष्णन एक बार फिर पति-पत्नी ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन और विजया पांडियन के किरदार में नजर आएंगे. इनके अलावा इसमें योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक भी अपने पुराने किरदारों ने वापसी करेंगे. पहले पार्ट में एक रिटायर जेलर मुथुवेल पांडियन की कहानी दिखाई गई थी, जो मूर्ति तस्करों के खिलाफ अपने बेटे और परिवार की रक्षा के लिए फिर से अपने खौफनाक अवतार में लौटता है. ऐसे में इसके दूसरे पार्ट की कहानी काफी दिलचस्प होने वाली है.
‘जेलर 2’ में नजर आएंगे इंडस्ट्री के कई धुरंधर
फिल्म के पहले पार्ट में मोहनलाल, शिव राजकुमार और जैकी श्रॉफ के कैमियो रोल ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया था और अब खबर है कि ये तीनों स्टार्स सीक्वल में भी नजर आएंगे. ‘जेलर 2’ में शाहरुख खान और नंदमुरी बालकृष्ण को भी कैमियो के लिए संपर्क किए जाने की खबरें थीं, लेकिन बात नहीं बन सकी. हालांकि बताया जा रहा कि इसमें ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति की एंट्री हो सकती है. इसके अलावा एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेन्जारामूडू, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे स्टार्स भी इस बार ‘जेलर 2’ में शामिल हो रहे हैं.