टीवी की जानी मानी एक्ट्रेस और विक्की कौशल के साथ बॉलीवुड फिल्म ‘छावा’ में नजर आ चुकीं संचिता उगले ने आत्महत्या कर ली है. घटना रविवार शाम की बताई जा रही है. एक्ट्रेस का शव उनके मुंबई स्थित नालासोपारा घर में मिला है. फिलहाल आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है.
पंखे से लटका मिला संचिता का शव
दरअसल, संचिता उगले की आत्महत्या की यह घटना रविवार शाम 7 से 7.30 के बीच की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक संचिता नालासोपारा पूर्व के आचोले गांव में अपने पेरेंट्स और 15 साल की बहन के साथ रहती थीं. रविवार की शाम को वह घर पर अकेली थीं और इसी दौरान कथित रूप से उन्होंने बेडरूम के सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत महानगरपालिका के तुलिंज अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
वहीं, संचिता की आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. लेकिन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हालांकि आचोले पुलिस स्टेशन ने बीएनएस की धारा 194 के तहत एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट का मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस फिलहाल एक्ट्रेस की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर भी जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके. क्योंकि पुलिस सूत्रों ने बताया है कि मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है. मामले में पुलिस ऑफिसर्स का कहना है कि फिलहाल इसकी जांच चल रही है और परिवार के करीबी लोगों का भी बयान दर्ज किया जा सकता है.
कई शोज और फिल्मों में संचिता ने किया था काम
बता दें कि संचिता उगले कई टीवी शोज और फिल्मों में काम कर चुकी हैं. उन्होंने टीवी शो ‘दिलवाले दूल्हा ले जाएंगे’ में सुकून की भूमिका अदा की थी. इतना ही नहीं वह विक्की कौशल की सुपरहिट फिल्म ‘छावा’ में भी नजर आ चुकी हैं. इस फिल्म में उन्होंने ताराबाई का किरदार निभाया था. इसके अलावा वह ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे कई टीवी शोज में काम कर चुकी हैं.
यह भी पढ़ें- थलपति विजय पत्नी संगीता से नहीं लेंगे तलाक? कोर्ट की सुनवाई से पहले बंद कमरे में हुई मीटिंग