---विज्ञापन---
थलपति विजय पत्नी संगीता से नहीं लेंगे तलाक? कोर्ट की सुनवाई से पहले बंद कमरे में हुई मीटिंग
थलपति विजय साउथ सिनेमा के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक हैं. पिछले कुछ महीनों से वह अपनी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम के साथ कथित तलाक की खबरों को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. इसी बीच, 15 जून को विजय और संगीता से जुड़े मामले की सुनवाई होनी है. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों इस विवाद को आपसी सहमति और शांति के साथ सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं.
विजय की मां ने की संगीता के साथ सुलह कराने की कोशिश
दरअसल, खबरों के मुताबिक विजय और संगीता ने रिश्ते में सुलह की दिशा में कदम बढ़ाया है. हालांकि, दोनों में से किसी ने भी इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है. अपुष्ट रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विजय की मां शोभा चंद्रशेखर दोनों के बीच मतभेद दूर करने की कोशिश कर रही हैं. बताया जा रहा है कि वह इस मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना चाहती हैं और इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने में जुटी हैं. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि अगर दोनों के बीच सुलह हो जाती है, तो इसकी आधिकारिक घोषणा विजय के जन्मदिन 22 जून के आसपास की जा सकती है. हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
कोर्ट की सुनवाई से पहले विजय और संगीता ने घंटों की बात
रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता पिछले काफी समय से अपने दोनों बच्चों जेसन संजय और दिव्या के साथ लंदन में रह रही थीं. बताया जा रहा है कि सुनवाई के सिलसिले में वह चेन्नई लौट आई हैं. वहीं, यह भी दावा किया जा रहा है कि संगीता के चेन्नई पहुंचने के बाद विजय ने उनसे मुलाकात की और बंद कमरे में घंटों बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की. बता दें कि इस मामले की सुनवाई 15 जून को चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में होनी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे.
संगीता ने फरवरी में दायर किया था तलाक का केस
विजय और संगीता के तलाक की खबरें फरवरी 2026 में सामने आई थीं. रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत याचिका दायर की थी. इस याचिका में उन्होंने विजय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. इतना ही नहीं, उन्होंने अभिनेता के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का भी जिक्र किया था. चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर याचिका में दावा किया गया था कि दोनों लंबे समय से अलग-अलग रह रहे थे. तलाक और कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की खबरों के बीच विजय का नाम अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ भी जोड़ा गया था. हालांकि, विजय और तृषा दोनों में से किसी ने भी इन अटकलों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया और न ही इन खबरों की पुष्टि की.
जन नायकन की रिलीज अटकी
वर्क फ्रंट की बात करें तो विजय की आने वाली फिल्म 'जन नायकन' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, फिल्म अभी तक रिलीज नहीं हुई है. कुछ समय पहले फिल्म के कुछ सीन्स सोशल मीडिया पर लीक हो गए थे, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था. रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स जल्द ही फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.