सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का आगाज हो चुका है और घर में एंटरटेनमेंट के साथ-साथ तकरार का सिलसिला भी शुरू हो गया है. शो को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन कंटेस्टेंट्स के बीच छोटी-छोटी बातों पर बहस देखने को मिल रही है. वहीं, माही विज अपने मजाकिया अंदाज से घर में खूब रंग जमा रही हैं. हाल ही में उन्होंने ईशा रिखी के साथ बातचीत के दौरान कुछ ऐसा कह दिया, जिसे सुनकर दोनों अपनी हंसी नहीं रोक पाईं.
माही विज ने खुद को बताया डिवोर्सी स्पेशल
सोशल मीडिया पर ‘बिग बॉस 20’ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें माही विज बेड पर लेटकर ईशा रिखी से बातें करती नजर आ रही हैं. बातचीत के दौरान माही उनसे पूछती हैं कि घर के बाहर क्या चल रहा है और किसका किसके साथ अफेयर है.
इसके बाद माही मजाकिया अंदाज में कहती हैं, ‘तीन तो हम ही डिवोर्सी आई हैं शो में. तू, मैं और वो बॉक्सर… हमारी सेकंड इनिंग चल रही है. डिवोर्सी स्पेशल.’ माही की यह बात सुनकर ईशा जोर-जोर से हंसने लगती हैं.

दरअसल, माही विज ने जनवरी 2026 में एक्टर जय भानुशाली से अलग होने की जानकारी दी थी. दोनों ने शादी के करीब 14 साल बाद आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया. वहीं ईशा रिखी भी हाल ही में रैपर बादशाह से तलाक के बाद सुर्खियों में रही हैं. शो में बॉक्सर मैरी कॉम भी नजर आ रही हैं, जिनका अपने पति करुंग ओनलर से 2023 में तलाक हो चुका है.
‘बच्चा’ कहने पर भड़कीं अरिश्फा
शो के नए प्रोमो में अरिश्फा खान और काजी तौकीर के बीच भी विवाद देखने को मिला. काजी द्वारा उन्हें बार-बार ‘बच्ची’ कहे जाने से अरिश्फा नाराज हो जाती हैं. वह घरवालों को साफ चेतावनी देते हुए कहती हैं कि वह बच्ची नहीं हैं और उन्हें उसी हिसाब से ट्रीट किया जाए.
काजी और यंग डीएसए में भी भिड़ंत
वहीं काजी तौकीर और यंग डीएसए के बीच भी मामला गरमा गया. ‘भाई’ कहने पर यंग ने काजी को जवाब दिया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई. बात इतनी बिगड़ी कि दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए और घरवालों को बीच में आना पड़ा.
आम्रपाली ने भी बयां किया दर्द
शो में ईशा रिखी और आम्रपाली दुबे के बीच शादी और भरोसे को लेकर इमोशनल बातचीत भी हुई. ईशा ने कहा कि अब उनका शादी करने का मन नहीं है. इस पर आम्रपाली ने भी माना कि एक बार भरोसा टूटने के बाद दोबारा किसी पर विश्वास करना आसान नहीं होता.