---विज्ञापन---
‘तुम किसी और से शादी कर लो..’ कैंसर के बाद टूट गईं थी Hina Khan, पति रॉकी को दे डाली थी सलाह
हिना खान ने हाल ही में अपने पति रॉकी जायसवाल के साथ रिश्ते और कैंसर से जंग के दौरान गुजरे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की. एक्ट्रेस ने बताया कि ऐसे भी पल आए थे, जब उन्होंने रॉकी से किसी और से शादी करने के लिए कहा था. हालांकि, रॉकी ने हर मुश्किल वक्त में हिना का साथ देने का फैसला किया.
हिना खान टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. उन्होंने टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल की है और वह आज घर-घर में पहचानी जाती हैं. बीते साल एक्ट्रेस को ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था, जिसके कारण इलाज के दौरान उन्हें तमाम मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा. इतना ही नहीं, कैंसर के चलते वह बुरी तरह टूट गई थीं. हालांकि, जब एक्ट्रेस कैंसर से जूझ रही थीं, तब उन्होंने रॉकी जायसवाल से शादी की. लेकिन शादी से पहले उन्होंने अपने पति रॉकी जायसवाल को किसी और से शादी करने की सलाह तक दे डाली थी, जिसका खुलासा एक्ट्रेस ने हाल ही में किया है.
शादी को लोगों ने कहा पब्लिसिटी स्टंट
दरअसल, हाल ही में हिना खान ने पॉडकास्ट ‘POV’ में अपने और पति रॉकी जायसवाल के रिश्ते के बारे में बात की है. जब दोनों की शादी हुई थी, तो कुछ लोग इसे पब्लिसिटी स्टंट बता रहे थे. इसी बारे में बात करते हुए हिना ने कहा, “मुझे सच में कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या कहते हैं. हम सच्चाई जानते हैं. अगर आप इसे पब्लिसिटी के नजरिए से देखते हैं, तो असली वजह नजरअंदाज हो जाती है,”
किसी और से शादी करने की रॉकी को दे दी थी सलाह
इस बीच हिना ने कैंसर से अपनी जंग के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “हमने जो भी मुश्किल हालात देखे, उनमें भी हमारा रिश्ता कैसे बना रहा? मुश्किल समय और उतार-चढ़ाव आए, लेकिन ऐसा तालमेल की वजह से नहीं था. हम ऐसी स्थिति में नहीं थे, जहां हम आपस में लड़ते हों. हम असल जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। खासकर मेरी और उनकी मां की सेहत के मामले में. ऐसे भी पल आए, जब मैंने उनसे किसी और से शादी करने के लिए कहा. मैंने उनसे कहा कि जब चीजें वैसी नहीं रहेंगी, जैसी पहले थीं.”
मुश्किल दौर में रॉकी ने दिया साथ
हिना ने आगे बताया, “उन्होंने हर मुश्किल वक्त में मेरे साथ रहने का फैसला किया. वह बहुत मुश्किल दौर था. हमें मुश्किल फैसले लेने पड़े और हमने वे फैसले लिए भी. जो लोग उस समय मेरे साथ थे, वे जानते हैं कि मैं यह सब सिर्फ उनकी वजह से ही कर पाई. उन्होंने यह सब बहुत आसान बना दिया.”
शादी पर हिना ने किया था खास पोस्ट
हिना खान ने अपनी और रॉकी की शादी के बारे में भी बात की। उन्होंने रॉकी के साथ रजिस्टर्ड मैरिज की थी और इस छोटी-सी सेरेमनी में परिवार के लोग शामिल हुए थे. इस दौरान एक्ट्रेस ने अपनी और रॉकी की शादी की तमाम तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा था, “मैं बस कुछ शब्द कहना चाहती हूं, यह कोई कसम नहीं है. यह एक एहसास और एक भावना है. प्यार पाना खूबसूरत है. लेकिन अपनी जिंदगी की तमाम मुश्किलों के बाद किसी को अपनाना, जब मुझे यह भी पता न हो कि कल क्या होने वाला है, और किसी महिला को उसकी तमाम कमियों के साथ स्वीकार करना—यह दुनिया का सबसे बड़ा आशीर्वाद है. आपका बहुत-बहुत शुक्रिया.”
13-14 साल रॉकी और हिना ने किया डेट
आपको बता दें कि रॉकी और हिना की लव स्टोरी की शुरुआत टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के सेट पर हुई थी. दोनों ने एक-दूसरे को करीब 13-14 साल तक डेट किया और इसके बाद कपल ने 4 जून 2025 को शादी कर ली. दोनों की शादी को एक साल हो चुका है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.