---विज्ञापन---
राजपाल यादव को 13 साल में हुआ 250 करोड़ का नुकसान? चेक बाउंस और कर्ज विवाद पर एक्टर का बड़ा दावा
चेक बाउंस और बैंक कर्ज के विवाद में फंसे एक्टर राजपाल यादव ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि बीते 13 सालों में उन्हें 250 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन वे हर एक इंसान का पाई-पाई कर्ज चुकाएंगे.
बॉलीवुड के जाने-माने कॉमेडी अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) इन दिनों अपने पुराने बकाए कर्ज और कानूनी पचड़ों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से उनके पैतृक निवास की नीलामी का नोटिस जारी होने के बाद अभिनेता ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में बड़ा खुलासा किया है. राजपाल ने दावा किया है कि पिछले 13 सालों में उन्हें करीब 200 से 250 करोड़ रुपये का भारी निजी नुकसान झेलना पड़ा है.
250 करोड़ का हुआ आर्थिक नुकसान
एक हालिया बातचीत में 55 वर्षीय अभिनेता राजपाल यादव ने बताया कि 2013 से 2016 के दौरान उन्हें सबसे बड़ा वित्तीय झटका लगा. इस दौरान विदेशों में उनके 50 से अधिक शो और टूर छूट गए, जिससे उनके काम की फीस काफी घट गई. उन्होंने कहा कि परिस्थिति ऐसी हो गई थी कि जहां 100 रुपये मिलने चाहिए थे, वहां सिर्फ 10 रुपये ही मिल पाए.
हर इंसान का कर्ज चुकाऊंगा
अपनी मौजूदा वित्तीय स्थिति पर बात करते हुए राजपाल ने खुद को एक जिम्मेदार नागरिक बताया. उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी उन्हें मुश्किल वक्त में पैसे दिए हैं, वे उन सबका बकाया लौटा देंगे. वे चाहें तो 200 लोगों का उधार भी घर जाकर चुकाने को तैयार हैं, क्योंकि कोई भी उन्हें पैसों से नहीं खरीद सकता.
शाहजहांपुर स्थित घर की होगी नीलामी?
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) ने 16.61 करोड़ रुपये का लोन न चुकाने पर राजपाल यादव के उत्तर प्रदेश स्थित शाहजहांपुर के पैतृक मकान की कुर्की का नोटिस लगाया है. यह लोन उन्होंने अपनी पत्नी राधा और मां गोदावरी के नाम पर लिया था.
फिल्म फ्लॉप होने से बढ़ा विवाद
चेक बाउंस का यह विवाद साल 2010 में शुरू हुआ था, जब उन्होंने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स से 5 करोड़ रुपये लिए थे. साल 2012 में फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई, जिसके बाद 2013 से यह मामला कोर्ट में है. कर्ज न चुकाने की वजह से उन्हें तिहाड़ जेल भी जाना पड़ा था.
संघर्षों से भरा जीवन
राजपाल यादव की पर्सनल लाइफ काफी संघर्षपूर्ण रही है. 20 साल की उम्र में पहली पत्नी करुणा का बेटी के जन्म के 15 मिनट बाद निधन हो गया था. एनएसडी से पढ़ाई के बाद मुंबई आए राजपाल ने 'हंगामा', 'भूल भुलैया' और 'फिर हेरा फेरी' जैसी सुपरहिट फिल्मों से पहचान बनाई. उन्होंने 2016 में अपनी राजनीतिक पार्टी 'सर्व संभाव पार्टी' (SSP) भी बनाई थी.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.