Toxic: साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने रिलीज के पहले खूब सुर्खियां बटोरीं. हालांकि सिनेमाघरों में आने के बाद ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई. फिल्म को लेकर खूब आलोचना हुई. हाल ही में मेकर्स ने इसे इंग्लिश वर्जन में रिलीज किया था, जो अब रिलीज के सिर्फ 7 दिन बाद ही थिएटर से हटा दिया गया है. मेकर्स को उम्मीद थी कि ‘टॉक्सिक’ का इंग्लिश वर्जन दर्शकों को थिएटर तक खींचेगा, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ.
‘टॉक्सिक’ का इंग्लिश वर्जन भी फेल
26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ के साथ-साथ अलग-अलग भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचाया गया. इसके बाद मेकर्स ने इसका एक अलग इंग्लिश वर्जन भी थिएटर में रिलीज करने का फैसला किया. फिल्म का ये इंग्लिश वर्जन 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में आया था. खास बात ये है कि ‘टॉक्सिक’ शुरुआत से ही कन्नड़ और इंग्लिश दोनों भाषाओं में लिखा और शूट किया गया था.
सिर्फ 7 दिन बाद ही थिएटर से हटी फिल्म
‘टॉक्सिक’ का इंग्लिश वर्जन ओरिजिनल इंडियन-लैंग्वेज कट के मुकाबले 17 मिनट छोटा था. मेकर्स ने इसे अलग तरह से पेश करते हुए बताया था कि इंग्लिश वर्जन उन भाषाओं में से एक है, जिनमें फिल्म को लिखा और शूट किया गया था. मतलब इसे बाकी दूसरी भाषाओं में डब करके रिलीज नहीं किया गया था. हालांकि कन्नड़ और इंग्लिश भाषा को लेकर फिल्म की शूटिंग के दौरान ही खास ध्यान रखा गया था. मेकर्स को उम्मीद थी कि इसके इंग्लिश वर्जन से फिल्म की कमाई में थोड़ी बढ़त आएगी. हालांकि सिर्फ 7 दिनों के थिएटर रन के बाद इंग्लिश वर्जन को सिनेमाघरों से हटा दिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के कमजोर कलेक्शन और पर्याप्त ऑडियंस न मिलने की वजह से ये फैसला लिया गया है.

फिल्म के बारे में
फिलहाल ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स की तरफ से इंग्लिश वर्जन को थिएटर से हटाने के कारणों पर कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है. इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर भी अभी कोई खबर सामने नहीं आई है. वहीं शुरुआत में फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ था. इस फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी जैसे स्टार्स शामिल हैं. फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है.