Lock Upp 2: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स, ट्विस्ट और इमोशनल पलों की वजह से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. शो में हर दिन कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिल रहा है, जो दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. इस बीच शो से जुड़े एक कंटेस्टेंट को लेकर बेहद दुखद खबर सामने आई है. इंटरनेट सेंसेशन और डिजिटल क्रिएटर वरुण यादव, जिन्हें लोग ‘लैला’ के नाम से जानते हैं, उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
‘लॉक अप 2’ के किस कंटेस्टेंट के करीबी का हुआ निधन?
जानकारी के मुताबिक, वरुण यादव के दादा का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. हालांकि, वरुण इस समय ‘लॉक अप 2’ के घर के अंदर हैं और शो के नियमों के मुताबिक बाहरी दुनिया से पूरी तरह कटे हुए हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शो के मेकर्स उन्हें उनके दादा के निधन की जानकारी देंगे या नहीं.

किसने दी दुखद खबर की जानकारी?
यह दुखद जानकारी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरुष भोला ने अपने लेटेस्ट व्लॉग के जरिए शेयर की. उन्होंने बताया कि वरुण के दादा अब इस दुनिया में नहीं रहे और पूरा परिवार इस कठिन समय से गुजर रहा है. आरुष ने यह भी कहा कि वरुण शो में होने की वजह से परिवार के साथ नहीं हैं और अभी तक यह साफ नहीं है कि उन्हें इस घटना की जानकारी दी गई है या नहीं.
वरुण यादव के फैंस हुए भावुक
इस खबर के सामने आते ही वरुण यादव के फैंस भावुक हो गए हैं. सोशल मीडिया पर कई लोग उनके दादा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और वरुण व उनके परिवार के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. फैंस का कहना है कि यह किसी भी इंसान के लिए बेहद मुश्किल समय होता है और उन्हें उम्मीद है कि वरुण को सही समय पर इस बारे में बताया जाएगा.
कौन हैं वरुण यादव?
बता दें कि वरुण यादव हरियाणा के रहने वाले एक पॉपुलर डिजिटल क्रिएटर हैं. उन्होंने अपने मजेदार शॉर्ट कॉमेडी वीडियो से सोशल मीडिया पर खास पहचान बनाई. बाद में उन्होंने ट्रैवल व्लॉग, लाइफस्टाइल वीडियो, प्रैंक और अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कंटेंट भी शेयर करना शुरू किया, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई. बहुत कम लोग जानते हैं कि सोशल मीडिया पर मशहूर ‘लैला’ का असली नाम वरुण यादव है. यह नाम उन्हें उनके दोस्तों ने दिया था, जो बाद में उनकी पहचान बन गया.
शो में कैसा चल रहा वरुण का गेम?
फिलहाल, वरुण यादव शो के अंदर अपनी गेम पर फोकस किए हुए हैं, जबकि बाहर उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि ‘लॉक अप 2’ के मेकर्स इस संवेदनशील स्थिति में क्या फैसला लेते हैं और क्या वरुण को उनके दादा के निधन की जानकारी दी जाती है.