Yossi Pollak Passes Away: थिएटर, टीवी और सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. इजराइल (Israel) के दिग्गज एक्टर और डायरेक्टर योसी पोलक (Yossi Pollak) का 81 साल की उम्र में निधन हो गया है. चार दशकों से भी ज्यादा लंबे अपने करियर में उन्होंने एक्टिंग और डायरेक्शन के दम पर दुनिया भर में अपनी खास छाप छोड़ी. ‘किंग लियर’ और ‘ओथेलो’ जैसे कल्ट नाटकों में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले इस दिग्गज के जाने से कला जगत में मातम पसरा हुआ है.
81 की उम्र में कहा अलविदा
1945 में जन्मे योसी पोलक ने 81 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली. 1970 के दशक की शुरुआत में अपने करियर का आगाज करने वाले योसी पोलाक ने चार दशकों तक एक्टिंग और डायरेक्शन की दुनिया पर राज किया. उनके निधन की खबर आते ही उनके चाहने वाले बेहद इमोशनल नजर आ रहे हैं.
थिएटर की दुनिया के किंग
योसी पोलक ने हबीमा (Habima), कैमेरी (Cameri) और हैफा (Haifa) जैसे कई बड़े थिएटर्स में अपनी अदाकारी का हुनर दिखाया. ‘ओथेलो’, ‘अंकल वान्या’, ‘किंग लियर’, ‘ऑफ माइस एंड मेन’ और ‘आई एम नॉट रैपापोर्ट’ जैसे मशहूर नाटकों में उनकी परफॉर्मेंस को हमेशा याद रखा जाएगा. ‘आई एम नॉट रैपापोर्ट’ के लिए उन्हें ‘एक्टर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड भी मिला था.
डायरेक्शन में भी दिखाया दम
एक्टिंग के साथ-साथ योसी पोलाक एक मंझे हुए डायरेक्टर भी थे. उन्होंने ‘एंडगेम’, ‘ऑर्फन्स’, ‘रोमियो एंड जुलियट’ और ‘ओथेलो’ जैसे कई आइकॉनिक नाटकों का निर्देशन किया. उनके निर्देशन की तकनीक और विजन की इंडस्ट्री में हमेशा खूब तारीफ होती थी.
यादगार फिल्में और रिटायरमेंट का फैसला
योसी पोलाक ने ‘द थाउजेंड वाइव्स ऑफ नफ्ताली सीमन टोव’, ‘द सिल्वर प्लैटर’ और ‘ए प्लेस इन हेवन’ जैसी कई सराही गई फिल्मों में काम किया. करीब एक दशक पहले उन्होंने एक्टिंग से संन्यास ले लिया था और एक इंटरव्यू में कहा था, “मैं अपने सारे सपने पूरे कर चुका हूं.”
हबीमा नेशनल थिएटर की श्रद्धांजलि
योसी पोलाक के निधन पर हबीमा नेशनल थिएटर ने गहरा दुख जताते हुए कहा, “थिएटर जगत अपने महान एक्टर और क्रिएटर योसी पोलाक के जाने पर अपना सिर झुकाता है. उन्होंने इज़राइल के कल्चरल वर्ल्ड पर अपनी कभी न मिटने वाली छाप छोड़ी है. हम उनके परिवार के साथ इस दुख में शामिल हैं.”