Young L Death: हिप-हॉप और म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और बुरी खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के मशहूर रैपर यंग एल का निधन हो गया है. यंग एल की मौत की खबर से पूरी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है. बे एरिया हिप-हॉप ग्रुप ‘द पैक’ के स्टार रैपर यंग एल ने महज 39 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है. यंग एल के निधन की खबर उनके साथी टू $हॉर्ट उर्फ टॉड एंथनी शॉ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है. रैपर यंग एल के निधन की खबर ने पूरी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है. कई हस्तियों ने उनकी मौत पर दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
रैपर यंग एल की मौत की खबर
‘द पैक’ के स्टार रैपर यंग एल का असली नाम लॉयड ओमाडेबो था. यंग एल के निधन की खबर देते हुए उनके साथी टू $हॉर्ट ने एक पोस्ट शेयर किया. टू $हॉर्ट ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि उनके दोस्त और रैपर यंग एल का 39 साल की उम्र में निधन हो गया. इसके साथ ही उन्होंने यह भी मेंशन किया कि उनकी मौत का कोई कारण नहीं बताया गया है.
साथी का पोस्ट
टू $हॉर्ट ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘शांति से आराम करो भतीजे, तुमने और द पैक ने इतने सारे आर्टिस्ट को प्रभावित किया है कि कल्चर पर तुम्हारे असर को मापना नामुमकिन है. अगर तुम जानते हो तो जानते हो. RIP यंग लॉयड. मैंने कभी यंग एल की ऐसी बीट नहीं सुनी जिसमें SLAP न हो.’ इसके साथ उन्होंने ग्रुप के दूसरे सदस्यों को भी टैग किया, जिनके साथ यंग एल ने 2005 में द पैक शुरू किया था. इसमें लिल बी, स्टुना और यंग डो शामिल हैं. खास बात यह है कि टू $हॉर्ट का यंग एल से कोई बायोलॉजिकल रिश्ता नहीं है. हालांकि, अभी तक रैपर के परिवार की तरफ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है.
यंग एल का करियर
यंग एल और द पैक बे एरिया रैप के शुरुआती दौर के कलाकारों में से थे. इन लोगों ने 2000 के दशक की शुरुआत में हिप-हॉप में हाइफी साउंड को पॉपुलर बनाने में बड़ा योगदान दिया है. यंग एल की मुलाकात ब्रैंडन मैककार्टनी (लिल बी) से तब हुई, जब वह सैन फ्रांसिस्को के अल्बानी हाई स्कूल में स्टूडेंट थे. उन्होंने 2005 में स्टुना (कीथ जेनकिंस) और ऊनो (डामोंटे जॉनसन) के साथ ‘द पैक’ ग्रुप बनाया.