बच्चन परिवार से जुड़ी एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सास और जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी सेहत में अब सुधार बताया जा रहा है. परिवार के सदस्य भी लगातार उनकी देखभाल कर रहे हैं.
बार-बार होती है एलर्जी की परेशानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंदिरा भादुड़ी पिछले कुछ समय से एलर्जी से जुड़ी परेशानी का सामना कर रही थीं. यह समस्या उन्हें पहले भी कई बार हो चुकी है. इस बार तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. उनकी सेहत में सुधार होने की खबर है, लेकिन अभी यह साफ नहीं हुआ है कि उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी. डॉक्टर उनकी स्थिति का जायजा लेने के बाद ही डिस्चार्ज को लेकर फैसला करेंगे.
भोपाल में रहती हैं जया बच्चन की मां
इंदिरा भादुड़ी भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके में रहती हैं. उनके पति तरुण कुमार भादुड़ी पत्रकार और लेखक थे. उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें जया बच्चन सबसे बड़ी हैं. उनकी दो अन्य बेटियां भी भोपाल में ही रहती हैं. बच्चन परिवार का भोपाल से पुराना नाता रहा है. अमिताभ बच्चन और उनका परिवार अक्सर यहां आते-जाते रहते हैं.
अमिताभ बच्चन ने मनाया था सास का बर्थडे
फरवरी 2020 में अमिताभ बच्चन अपनी सास का 90वां जन्मदिन मनाने के लिए चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंचे थे. उस दौरान परिवार ने उनके जन्मदिन को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया था.
पहले बिग बी की भी बिगड़ी थी तबीयत
इंदिरा भादुड़ी की तबीयत खराब होने की खबर ऐसे समय आई है, जब कुछ समय पहले अमिताभ बच्चन भी अपनी सेहत को लेकर चर्चा में थे. तबीयत ठीक नहीं होने के चलते उन्होंने कुछ समय के लिए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग रोक दी थी. बिग बी ने सोशल मीडिया पर यह भी बताया था कि वह कुछ समय तक अपने फैंस के खतों का जवाब नहीं दे पाएंगे.
केबीसी से सामने आया नया वीडियो
हालांकि, अब अमिताभ बच्चन काम पर लौट चुके हैं. ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का नया प्रोमो भी सामने आया है, जिसमें एक कंटेस्टेंट उनसे उनकी सेहत के बारे में पूछता है. इस पर बिग बी कहते हैं कि वह ठीक हैं. साथ ही वह फैंस के प्यार, दुआओं और आशीर्वाद के लिए उनका शुक्रिया भी अदा करते हैं.