बॉलीवुड का एक ऐसा एक्टर जिसने पॉजीटिव किरदारों से ज्यादा नेगेटिव रोल से पॉपुलैरिटी हासिल की, उन्होंने एक से बढ़कर एक दमदार किरदार निभाए जिसको लेकर उनकी खूब तारीफें होती हैं, लेकिन हाल में मिली खबर से उनके फैंस की चिंता बढ़ गई है. हम बात कर रहे हैं, दिग्गज अभिनेता टीनू आनंद की, जिनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी चोटें इतनी गंभीर थी कि उन्हें ICU तक में रखा गया. हालांकि, अब राहत की खबर ये है, कि उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, लेकिन रिकवरी में अभी समय लगेगा.
12 दिन तक अस्पताल में चला इलाज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीनू आनंद करीब 12 दिन पहले गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस दौरान उनकी पांच पसलियां टूट गई थीं. इनमें से एक पसली फेफड़े में चुभ गई, जिससे उनका फेफड़ा पंक्चर हो गया था. चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ICU में रखा. अस्पताल में लगातार इलाज और डॉक्टरों की निगरानी के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ. इसके बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई. हालांकि, उन्हें लगी चोटों को देखते हुए अभी पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है. फिलहाल उनकी चोट किस वजह से लगी, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
घर लौटे, लेकिन अभी बिस्तर से उठना भी मुश्किल
अस्पताल से घर आने के बाद भी टीनू आनंद की मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी फिजियोथेरेपी चल रही है और डॉक्टरों ने उन्हें सख्त बेड रेस्ट की सलाह दी है. उन्हें फिलहाल घर से बाहर निकलने से मना किया गया है. पसलियों में फ्रैक्चर और फेफड़े में चोट के चलते उन्हें रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी हो रही है. यहां तक कि बिस्तर से उठना, बैठना और करवट बदलना भी उनके लिए दर्दनाक बना हुआ है. ऐसे में एक्टर अपनी सेहत पर पूरा ध्यान दे रहे हैं.
कई फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
टीनू आनंद हिंदी सिनेमा का जाना-पहचाना नाम हैं. उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं. वह अमिताभ बच्चन की फिल्मों से लेकर कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं. हाल ही में वह राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर भी चर्चा में रहे थे. अब उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. फिलहाल डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक उन्हें आराम करना होगा. पूरी तरह ठीक होने में अभी कुछ और समय लग सकता है.