The Great Indian Kapil Show Season 5: कॉमेडी के धुरंधर कपिल शर्मा के शो का इंतजार दर्शकों को बेसब्री से रहता है. चार हिट सीजन देने के बाद कपिल शर्मा अपनी टीम के साथ ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का पांचवां सीजन लेकर फिर लौट रहे हैं. बुधवार को मेकर्स ने एक वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी है.
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5’
बुधवार यानी 16 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपने सोशल मीडिया पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5’ का एक प्रोमो वीडियो शेयर करते हुए इसकी घोषणा की है. मेकर्स ने बताया कि इस बार नेटफ्लिक्स पर हंसी का त्योहार सजेगा. पिछले 4 सीजन की तरह शो का पांचवां सीजन भी ओटीटी पर ही आने वाला है. नेटफ्लिक्स इंडिया की ओर से जारी प्रोमो वीडियो में देखने को मिला कि सभी सेट पर बैठे होते हैं, तभी कपिल पूछते हैं कि सीजन 5 आ गया. इसके बाद वो कहते हैं चलो शुरू करो.
मजेदार होगा नया सीजन
आगे वीडियो में कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा ढोल-नगाड़ा बजाते हुए नजर आते हैं. इसके बाद सभी एक दूसरे को त्योहार की बधाई देते हैं. कोई हैप्पी दीवाली कहता है, तो कोई क्रिसमस, कोई ईद, न्यू ईयर और नवरात्रि विश करता है. प्रोमो वीडियो में हर कोई मस्ती करता दिख रहा है, जो इस बात की तरफ इशारा करता है कि कपिल शर्मा के कॉमेडी शो का नया सीजन पहले से कई ज्यादा शानदार और मजेदार होने वाला है.
कब से शुरू होगा ये शो?
प्रोमो वीडियो के साथ ही मेकर्स ने ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 5’ के प्रीमियर रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है. ये शो 26 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाएगा. इस कॉमेडी शो को आप हर शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे. शो में कपिल के साथ एक बार फिर सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा नजर आएंगे. वहीं, अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू जज की कुर्सी पर बैठे दिखाई देंगे.