Gondhal Paid Previews: मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को भारत की ओर से ऑस्कर 2027 के लिए भेजा गया है. जब से फिल्म के ‘ऑस्कर’ में जाने की खबर आई है, हर कोई इसे देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. ये फिल्म किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी मौजूद नहीं है. वहीं अब मेकर्स इस फिल्म को वर्ल्डवाइड रिलीज करने जा रहे हैं. वर्ल्डवाइड रिलीज से पहले मेकर्स ने इसे भारत के चुनिंदा सिनेमाघरों में एक्सक्लूसिव पेड प्रीव्यू दिखाए जाने का ऐलान किया है. यानी वर्ल्डवाइड रिलीज से पहले ही ‘गोंधल’ की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी जाएगी. मेकर्स के मुताबिक, भारत के 6 शहरों में फिल्म की स्क्रीनिंग होगी और 6 भाषाओं में दिखाया जाएगा.
‘गोंधल’ की पेड प्रीव्यू स्क्रीनिंग
हाल ही में मेकर्स ने ऐलान किया कि, ‘गोंधल’ की स्पेशल पेड प्रीव्यू स्क्रीनिंग 10 अक्टूबर से भारत के चुनिंदा शहरों के चुनिंदा सिनेमाघरों में होगी. बता दें ‘गोंधल’ को दावखर फिल्म्स के बैनर तले दीक्षा दावखर ने प्रोड्यूस किया है. मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर आधिकारिक ऐलान करते हुए लिखा, ’99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री ‘गोंधल’, अपनी वर्ल्डवाइड रिलीज से पहले, सिनेमा के शौकीनों के लिए 10 अक्टूबर से चुनिंदा शहरों और थिएटरों में खास पेड प्रीव्यू के साथ आ रही है. फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु में हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में होगी.
ऑस्कर 2027 के लिए भारत की एंट्री
बता दें संतोष दावखर के डायरेक्शन में बनी ‘गोंधल’ को 2027 के एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 18 सितंबर को इसकी घोषणा की थी. ये मराठी फिल्म महाराष्ट्र की पारंपरिक ‘गोंधल’ परंपरा पर आधारित है और एक नवविवाहित जोड़े की जिंदगी की एक रात की कहानी दिखाती है. इस मराठी फिल्म में सुरेश विश्वकर्मा, कैलाश वाघमारे और माधवी जुवेकर लीड रोल में हैं. 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च, 2027 को होगा और इसके लिए नॉमिनेशन की घोषणा 21 जनवरी, 2027 को की जाएगी.
क्या बोले मेकर्स?
‘गोंधल’ को ऑस्कर 2027 के के लिए चुने जाने पर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर संतोष दावखर ने कहा, ‘हमें पूरा भरोसा था कि ‘गोंधल’ की पूरी टीम ने एक बेहतरीन फिल्म बनाई है. पिछले एक साल से हम इसकी तैयारी कर रहे थे. हम किसी न किसी तरह ऑस्कर में जाने की कोशिश करने वाले थे. जब आप ऑस्कर वोटर्स के सामने जाते हैं, तो इसका मतलब है कि आप अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. ये हमारी टीम, ‘टीम गोंधल’ और एक डायरेक्टर के तौर पर मेरे लिए भी एक बड़ी जिम्मेदारी है.’