Batwara 1947 Box Office Collection Day 5: बॉलीवुड स्टार सनी देओल ने फिल्म ‘बटवारा 1947’ का प्रमोशन तो बहुत जोर-शोर से किया था, लेकिन सिनेमाघरों में दर्शकों की तरफ से इसे काफी ठंडा रिस्पॉन्स मिला है. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म लगातार संघर्ष करती नजर आ रही है. वहीं दूसरी ओर, इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ थिएटर्स में बंपर कलेक्शन कर रही है. आइये जानते हैं राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी सनी देओल की इस फिल्म ने पांचवें दिन यानी मंगलवार को कितना बिजनेस किया है…
मंगलवार को भी पस्त रही फिल्म
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, पांचवें दिन यानी मंगलवार को फिल्म ‘बटवारा 1947’ (Batwara 1947) ने केवल 2.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. चौथे दिन फिल्म ने 2 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वीकडेज में फिल्म की कमाई की रफ्तार काफी धीमी बनी हुई है.
कुल कलेक्शन पहुंचा 30 करोड़ पार
रिलीज के 5 दिनों के बाद अब फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 30.75 करोड़ रुपये तक ही पहुंच सका है. सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी जैसे दिग्गज कलाकारों के होने के बावजूद फिल्म अब तक 50 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी नहीं छू पाई है.
‘आवारापन 2’ से मिली कड़ी टक्कर
सनी देओल की फिल्म के मुकाबले इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा रही है. नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन में बनी ‘आवारापन 2’ ने पांचवें दिन 9.85 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया और 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई.
भारत विभाजन के दर्द पर आधारित
‘बटवारा 1947’ फिल्म की कहानी 1947 के भारत विभाजन के दौर और उससे जुड़े इंसानी रिश्तों के दर्द को बयां करती है. इसमें विपरीत परिस्थितियों में भी प्यार, त्याग, इंसानियत और हिम्मत बनाए रखने के जज्बे को पर्दे पर दिखाया गया है.
असगर वजाहत के नाटक पर बेस्ड
राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म मशहूर नाटककार असगर वजाहत के नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई’ पर आधारित है. हालांकि, गंभीर कहानी होने के बाद भी यह दर्शकों को थिएटर्स तक खींचने में नाकाम रही है.