Somy Ali Defends Govinda: बॉलीवुड स्टार गोविंदा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. गोविंदा को उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच पाकिस्तान की पूर्व एक्ट्रेस सोमी अली, गोविंदा के सपोर्ट में सामने आई हैं. रविवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने गोविंदा संग अपने दिन याद किए.
सोमी अली ने याद किए गोविंदा संग पुराने दिन
अपने इंस्टाग्राम पर गोविंदा संग अपनी पुरानी तस्वीरों का एक कोलाज शेयर करते हुए सोमी अली ने लिखा, “मैं यहां अपनी बात रखना चाहती हूं, क्योंकि कोई और ऐसा नहीं करेगा और जब भी जरूरत होगी, मैं सपोर्ट करूंगी. मैं गोविंदा को पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों तरह से जानती हूं, इसलिए मैं उनके बारे में दोनों नजरियों से कुछ बातें कह सकती हूं. ‘चीची’ (गोविंदा का निकनेम) हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन टैलेंट में से एक हैं और इंडस्ट्री में मेरे समय में मिले सबसे विनम्र एक्टर्स में से एक हैं.”
टैलेंट की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती
आगे एक्ट्रेस ने कहा, “मैं चीची और सुनीता दोनों का बहुत सम्मान करती हूं. हालांकि, किसी कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ रोल करने में उम्र को लेकर कोई गलत बात नहीं है. टैलेंट की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती. ऐसे समय में जब काम मिलना मुश्किल हो सकता है, काम करते रहने का फैसला सम्मान के काबिल है, मजाक उड़ाने के नहीं. किसी एक्टर की कीमत उसकी उम्र या उसके को-स्टार की उम्र से तय नहीं होती. ये उसके टैलेंट, प्रोफेशनलिज्म और आगे बढ़ते रहने की इच्छा से तय होती है. जब मौके मिलना मुश्किल हो, तब कोई नया मौका मिलना खुशी की बात होनी चाहिए.”
हर एक्टर को मौका मिलना चाहिए
सोमी अली ने कहा, “हर एक्टर को ये साबित करने का मौका मिलना चाहिए कि उनके पास अभी भी कुछ सार्थक देने के लिए है. उम्र कभी भी किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ हथियार नहीं बननी चाहिए जो बस अपनी रोजी-रोटी कमाने और अपने पसंदीदा काम को जारी रखने की कोशिश कर रहा हो. शायद किसी एक्टर के बारे में सबसे सराहनीय बात ये है कि जब इंडस्ट्री या दूसरे लोग उससे ये कहने लगते हैं कि वो बहुत बूढ़ा हो गया है, तब भी वो हार मानने से इनकार कर देता है.”
क्या है पूरा विवाद?
बता दें ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सुनीता ने एक्टर की आने वाली फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन पर तंज कसा था. सुनीता आहूजा ने गोविंदा को एक्ट्रेस कोमल का “शुगर डैडी” कहा, क्योंकि उन्हें कोमल के साथ स्पॉट किया गया था. जिससे सुनीता ने पहले अफेयर का आरोप लगाया था. सुनीता ने कहा था कि 62 साल के एक्टर को अपनी बेटी की उम्र की महिला के साथ घूमने में शर्म आनी चाहिए और उन्होंने कोमल के कपड़ों का मजाक भी उड़ाया. इसपर जवाब देते हुए गोविंदा ने अपनी पत्नी सुनीता आहूजा की आलोचना भी की थी. उन्होंने सुनीता को हद में रहने की बात कही.