बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. अभिनेता के बड़े भाई विजयेंद्र नाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
दरअसल, पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिहार के गोपालगंज में रहते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जमीन विवाद के दौरान उन पर हमला किया गया. पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 जून को माधवपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड तिवारी टोला में हुई.
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर-2 के एसडीपीओ और माधवपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद विजयेंद्र नाथ तिवारी और दूसरे पक्ष के बीच जमीन को लेकर हुआ था. पुलिस ने आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उसी ने विजयेंद्र नाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से हमला किया था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.
अस्पताल में भर्ती हैं विजयेंद्र नाथ
हमले में विजयेंद्र नाथ तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनका इलाज जारी है.
मामले की जांच जारी
इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस ने कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं. शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच यह जमीन विवाद लंबे समय से चला आ रहा था.
यह भी पढ़ें- 61 में तीसरी बार घोड़ी चढ़ेंगे आमिर खान, शादी को लेकर फैंस को दे डाली ये डिटेल्स