Farah Khan: मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अक्सर अपनी फिल्मों, कोरियोग्राफी, कुकिंग वीडियोज को लेकर सुर्खियों में रहती हैं. लेकिन इस वक्त फराह अपनी एक इमोशनल पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं. दरअसल फराह खान और शिरीष कुंदर के बच्चे सीजर, दीवा और अन्या पढ़ाई के लिए मुंबई से दूर अमेरिका चले गए हैं. तीनों भाई-बहन अलग-अलग यूनिवर्सिटी और तीन अलग-अलग शहरों में अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करेंगे. ऐसे में बच्चों को विदा करते हुए फराह खान काफी इमोशनल हो गईं.
बच्चों को लेकर भावुक हुईं फराह खान
फराह खान ने रविवार को इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों में फराह के तीनों बच्चे नजर आ रहे हैं. तस्वीरों में अपने बच्चों के साथ फराह समय बिताती नजर आ रही हैं. तस्वीरों के साथ फराह खान ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘अगर आपको लगता है कि अपने बच्चे को कॉलेज भेजना मुश्किल है, तो इसे तीन बार करने की कोशिश करें. 3 शहर, 3 कैंपस… 3 विदाइयां! मेरे दिल के 3 टुकड़े.’ इसके बाद फराह ने अपने बच्चों के लिए लिखा, ‘जाओ, जी लो अपनी जिंदगी… लेकिन याद रखना, सभी रास्ते वापस मम्मी और डैड के पास ही आते हैं.’
सितारों ने लुटाया फराह के बच्चों पर प्यार
फराह की इस इमोशनल पोस्ट पर फैंस और बॉलीवुड सितारों ने खूब प्यार लुटाया. पोस्ट पर कमेंट करते हुए करण जौहर ने लिखा, ‘बेस्ट मॉम ऐवर.’ वहीं रिया कपूर ने लिखा, ‘मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि ये इतने बड़े हो गए हैं.’ एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने फराह के लिए लिखा कि बच्चों को अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने दें और भरोसा रखें कि वे खुद का सबसे बेहतर रूप बनकर वापस आएंगे. इसके अलावा सिद्धार्थ, नम्रता शिरोडकर, रिद्धिमा कपूर, महीप कपूर सहित कई स्टार्स ने कमेंट किया है.
अलग-अलग यूनिवर्सिटी में पढ़ेंगे फराह खान के तीनों बच्चे
बता दें फराह खान और शिरीष कुंदर के तीनों बच्चे अमेरिका की अलग-अलग यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करेंगे. बेटी दीवा कुंदर बॉबसन कॉलेज में आन्ट्रप्रनर्शिप और फाइनेंस की पढ़ाई करेंगी. अन्या कुंदर न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी यानी NYU में इकोनॉमिक्स और डेटा साइंस पढ़ेंगी. वहीं बेटे सीजर कुंदर एमोरी यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन बिजनेस की पढ़ाई करेंगे.