जाने-माने हॉलीवुड निर्देशक चक रसेल, जिन्होंने ‘द मास्क’ और ‘द स्कॉर्पियन किंग’ जैसी फिल्मों के जरिए जिम कैरी, कैमरून डियाज और ड्वेन जॉनसन जैसे सितारों के करियर को नई ऊंचाई दी, उनका 74 साल की उम्र में निधन हो गया. वह सैन डिएगो क्षेत्र स्थित अपने घर में मृत पाए गए. ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, रसेल का निधन बुधवार को हुआ था.
परिवार ने दी निधन की जानकारी
TMZ से बात करते हुए निर्देशक के परिवार ने बताया कि बुधवार दोपहर रसेल के घर स्थानीय फायरब्रिगेड डिपार्टमेंट को बुलाया गया था, क्योंकि वहां एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना मिली थी. उनके वकील ने वैरायटी से उनकी मौत की पुष्टि की. हालांकि, उनकी मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है.
चक रसेल करियर
इलिनॉय के पार्क रिज में जन्मे रसेल ने 1981 की कल्ट स्लैशर फिल्म ‘हेल नाइट’ में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने 1984 की साइंस-फिक्शन एडवेंचर फिल्म ‘ड्रीमस्केप’ की कहानी लिखने में योगदान दिया. उन्होंने 1987 में ‘ए नाइटमेयर ऑन एल्म स्ट्रीट 3: ड्रीम वॉरियर्स’ से निर्देशक के तौर पर डेब्यू किया. इस फिल्म की कहानी भी रसेल ने ही लिखी थी. 1985 की फिल्म ‘ए नाइटमेयर ऑन एल्म स्ट्रीट 2: फ्रेडीज रिवेंज’ को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिलने के बाद इस फिल्म को हॉरर फ्रेंचाइजी की शानदार वापसी के तौर पर देखा गया. रसेल ने अपने कई दशकों के करियर में ‘ए नाइटमेयर ऑन एल्म स्ट्रीट 3: ड्रीम वॉरियर्स’, ‘द ब्लॉब’ और ‘द मास्क’ जैसी कई सफल फिल्मों का निर्देशन किया.
‘द ब्लॉब’ (1988) जैसी कल्ट बी-मूवी के रीमेक के बाद रसेल को 1994 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘द मास्क’ से हॉलीवुड में बड़ी सफलता मिली. इस फिल्म ने जिम कैरी और कैमरून डियाज को ग्लोबल स्टार बना दिया. फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड के लिए भी नामांकित किया गया था. शुरुआत में ‘द मास्क’ को हॉरर फिल्म के तौर पर बनाने की योजना थी. रसेल ने 2024 में कहा था, “न्यू लाइन एक और चौंकाने वाली हॉरर फिल्म बनाना चाहते थे. ‘द मास्क’ की एक कॉमिक बुक थी, जो काफी डरावनी थी. मैंने कहा कि यह फ्रेडी क्रूगर जैसी बहुत ज्यादा हो जाएगी. यह बहुत भयानक होगी.” फिल्म ने 18 मिलियन डॉलर के प्रोडक्शन बजट पर 350 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई की.
इसके बाद रसेल ने 1996 की एक्शन फिल्म ‘इरेज़र’ का निर्देशन किया, जिसमें अर्नोल्ड श्वार्ज़नेगर नजर आए. इसके बाद उन्होंने 2000 की हॉरर फिल्म ‘ब्लेस द चाइल्ड’ का निर्देशन किया, जिसमें किम बेसिंगर और क्रिस्टीना रिक्की ने काम किया था।2002 में उन्होंने ‘द स्कॉर्पियन किंग’ का निर्देशन किया, जो ‘द ममी’ फ्रेंचाइजी से जुड़ी स्पिन-ऑफ फिल्म थी. रसेल की आखिरी निर्देशित फिल्म 2024 की ‘विचबोर्ड’ थी, जो 1986 की इसी नाम की हॉरर फिल्म की रीमेक थी.
यह भी पढ़ें- पिंक पैंथर थीम सैक्सोफोनिस्ट ने दुनिया को कहा अलविदा, 94 साल की उम्र में ली आखिरी सांस