Daayra Box Office Collection Day 5: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान और मलयालम स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है. आज इस फिल्म को रिलीज हुए पूरे 5 दिन हो गए हैं. करीना और पृथ्वीराज की इस फिल्म ने वीकेंड के बाद से एक बार भी करोड़ का आंकड़ा नहीं छुआ है. फिल्म का कलेक्शन पिछले 2 दिनों से लाखों में सिमटा हुआ है. मूवी ने 5 दिनों में 5 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. चलिए आपको बताते हैं कि फिल्म ने अब तक कुल कितनी कमाई की है.
‘दायरा’ की कमाई में गिरावट
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर फिल्म ‘दायरा’ ने 5वें दिन 0.50 करोड़ यानी 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया है, जो फिल्म के चौथे दिन की कमाई के बराबर है. इसका मतलब है कि 5वें दिन फिल्म ‘दायरा’ की कमाई में किसी तरह की गिरावट या बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने इन 5 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 5.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. फिल्म के पिछले 2 दिनों की कमाई को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म ‘दायरा’ बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार से कमाई कर रही है.
मंगलवार को बढ़ी ऑक्यूपेंसी
भले ही 5वें दिन करीना कपूर खान की फिल्म ‘दायरा’ की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज न की गई हो, लेकिन 5वें दिन इसकी ऑक्यूपेंसी में वृद्धि जरूर देखी गई है. मंगलवार को पूरे भारत में फिल्म ‘दायरा’ के 1,493 शो चलाए गए, जिनकी कुल ऑक्यूपेंसी 15.0 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, सुबह के शो में 7.69 प्रतिशत, दोपहर के शो में 11.85 प्रतिशत, शाम के शो में 17.54 प्रतिशत और रात के शो में 18.38 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
मेघना गुलजार के डायरेक्शन में बनी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी कुछ खास नहीं रहा है. Sacnilk.com के मुताबिक, फिल्म ‘दायरा’ ने अब तक वर्ल्डवाइड लेवल पर 8.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. मेघना गुलजार की इस फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार बड़े पर्दे पर स्क्रीन शेयर कर रहे हैं. फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज के अलावा एक्टर कंवलजीत सिंह, विश्वपति सरकार, क्षिति जोग, प्रगति मिश्रा और अचिंत कौर भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं.