बॉलीवुड एक्टर नाना पाटेकर के निधन के बाद एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता लगातार अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं. नाना पर पहले भी यौन उत्पीड़न के आरोप लगा चुकीं तनुश्री ने उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर तीखा रिएक्शन दिया था. अब एक्ट्रेस ने एक और पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने दिवंगत अभिनेता की आत्मा को लेकर बेहद सख्त शब्दों का इस्तेमाल किया. इसके साथ ही उन्होंने भगवान महाकाल की पूजा करते हुए अपनी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आने की बात भी कही है.
‘नरक लोक की सबसे बुरी यातनाओं और कष्टों’
एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई कि दिवंगत एक्टर की आत्मा को ‘नरक लोक की सबसे बुरी यातनाओं और कष्टों’ का सामना करना पड़े. उन्होंने लिखा, ‘नाना पाटेकर, तुम नरक में जलो, क्योंकि तुमने पिछले 18 सालों से मेरी जिंदगी नरक बना दी थी. तुम्हारी आत्मा को नरक लोक की सबसे बुरी यातनाओं और तकलीफों का सामना करना पड़े, ये मेरी भगवान से कामना है और मैं पक्का करूंगी कि तुम जैसे बुरे इंसान वहां से कभी न बच पाओ.’ आगे तनुश्री ने लिखा, ‘जब तक मैं इस यहां हूं, तुम्हें न तो दोबारा जन्म मिलेगा और न ही नरक के भयानक कष्टों से तुम्हें कोई राहत मिलेगी.’
‘उनकी आत्मा को जलते हुए देखूंगी’
इतने पर ही एक्ट्रेस नहीं रुकीं और उन्होंने आगे कहा कि कि जहां पूरी दुनिया उनके निधन पर शोक मना रही है, वहीं वह उनकी आत्मा को जलते हुए देखेंगी, वो भी 10,000 से ज्यादा सालों तक. उन्होंने आगे कहा कि उनका निधन उनके लिए असली सजा और उनके लिए सही इंसाफ है. उन्होंने आगे कहा, ‘तुमने दुनिया में नाम कमाया लेकिन भगवान के दरबार में तुम्हारी जगह नहीं है, वहां मेरी चलती है… वहां मेरी बात मानी जाती है.’
महाकाल की भक्ति में दिखीं एक्ट्रेस
इस विवाद के बीच तनुश्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह भगवान महाकाल की पूजा करती नजर आ रही हैं. वीडियो के साथ उन्होंने अपनी आस्था और जिंदगी में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में बात की.
एक्ट्रेस ने भगवान शिव का जताया आभार
एक्ट्रेस ने भगवान शिव का आभार जताते हुए कहा कि उनकी कृपा ने उन्हें जिंदगी के मुश्किल दौर में संभाला है. उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि उन्हें कई बार नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई और वह भगवान के आशीर्वाद से सुरक्षित रहीं. तनुश्री ने कुछ लोगों पर उनके खिलाफ कथित तौर पर बुरे काम करने के आरोप भी लगाए.
महाकाल बाबा से की खीस प्रार्थना
तनुश्री ने अपनी पोस्ट में महाकाल बाबा से प्रार्थना करते हुए लिखा कि वह चाहती हैं कि उनकी जिंदगी में परेशानियां पैदा करने वाली सारी बुराइयां एक-एक करके खत्म हो जाएं. उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान से कभी कुछ नहीं मांगा, लेकिन अब वह अपने सभी देवी-देवताओं से मुश्किलें दूर करने की प्रार्थना कर रही हैं.
क्या था विवाद?
बता दें, कि तनुश्री दत्ता साल 2018 में मीटू आंदोलन के दौरान नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाकर सुर्खियों में आई थीं. बता दें, नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर को 75 साल की उम्र में निधन हो गया और उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया. उनके निधन के बाद तनुश्री के रिएक्शन्स ने एक बार फिर पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है.