दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को छह साल से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन यह मामला आज भी चर्चा में बना रहता है. अब एक्टर की बहन श्वेता सिंह कीर्ति के एक नए वीडियो ने फिर इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है. श्वेता ने अपने वीडियो में भाई के पोस्टमार्टम को लेकर कुछ ऐसे दावे किए हैं, जिन्हें सुनकर फैंस भी हैरान हैं.
श्वेता ने पोस्टमार्टम को लेकर क्या कहा?
श्वेता ने अपनी कार में रिकॉर्ड किए गए वीडियो में दावा किया कि उन्हें हाल ही में पोस्टमार्टम करने वाले व्यक्ति से जुड़ी ऐसी जानकारी मिली, जो बेहद चौंकाने वाली है. उनके मुताबिक, पोस्टमार्टम से जुड़े व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि सुशांत की गर्दन के पास स्टन गन का इस्तेमाल किया गया था.
क्या हुआ था उस दिन सुशांत के साथ?
श्वेता ने आगे दावा किया कि सुशांत का पैर टूटा हुआ था और उनके शरीर पर काफी जोर लगाया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि एक्टर की आंखों में चोट थी. श्वेता के इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर सुशांत की मौत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
सुशांत की बहना का दावा
हालांकि, इन दावों को लेकर यह साफ करना जरूरी है कि श्वेता सिंह तिवारी के वीडियो में कही गई बातें उनके दावे हैं. पुरानी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इन दावों का किसी तरह का कोई मेल नहीं है.
‘भाई के लिए न्याय और सही चीजों के लिए खड़ी’
वीडियो में श्वेता ने यह भी कहा कि जब किसी अपने के साथ कुछ बुरा होता है, तो उस दर्द से बाहर निकलना बेहद मुश्किल होता है. उन्होंने कहा कि वह अपने भाई के लिए न्याय और सही चीज के लिए खड़ी हैं, लेकिन उनके मन में नफरत या बदले की भावना नहीं है.
श्वेता ने की ये खास अपील
श्वेता ने लोगों से अपील की कि वे मुश्किल परिस्थितियों में भी प्यार, अच्छाई और ईश्वर पर भरोसा बनाए रखें. उनका कहना है कि दर्द को नफरत में बदलने के बजाय उसे बदलाव का जरिया बनाना चाहिए.
2020 की रिपोर्ट में क्या कहा गया था?
सुशांत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे. उस वक्त सामने आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि शरीर पर स्ट्रगल या बाहरी चोट के निशान नहीं मिले थे और मौत को आत्महत्या का मामला बताया गया था.