Shah Rukh Khan: बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान ने फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम किया है. 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुए हमले के बाद कैप्टन स्मित ने जिस हिम्मत से हालात संभाले, उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा. अब शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनकी बहादुरी को सलाम किया है.
शाहरुख ने कैप्टन स्मित के लिए क्या कहा?
शाहरुख खान ने कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए कहा कि जब हिम्मत दिखाने का वक्त आया, तब वह मजबूती से खड़े रहे. उन्होंने मुश्किल हालात में अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाकर विमान में मौजूद लोगों की रक्षा करने के लिए कैप्टन को सलाम किया. शाहरुख ने इसे सच्ची बहादुरी और कर्तव्य की मिसाल बताया और उनके जल्द ठीक होने की कामना की. बता दें, ‘किंग खान’ से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बॉलीवुड के ‘भाईजान’ और कई सेलेब्स भी कैप्टन के साहस की तारीफ कर चुके हैं.
फ्लाइट में अचानक बिगड़ गए थे हालात
रिपोर्टों के मुताबिक, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी. विमान में 174 यात्री सवार थे. उड़ान के दौरान कॉकपिट में को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया. इस हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए और विमान की स्थिति बेहद गंभीर हो गई.
कैप्टन की हिम्मत ने बचाई 174 जिंदगियां
इस बीच कैप्टन ने हार नहीं मानी और घुटने टेकने के बजाय मजबूती से सामना किया, बताया जा रहा है कि घायल होने के बावजूद स्मित ने हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों को अंदर पहुंचने का मौका मिला. इसके बाद हमलावर को काबू में किया गया और विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया.
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
कैप्टन स्मित मच्छार को विमान उड़ाने का लंबा अनुभव है. रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट के साथ काम किया और साल 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े. वह बोइंग 737 विमान के कैप्टन रहे हैं. घटना में घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. रिपोर्टों के अनुसार अब उनकी हालत में सुधार है.