Delhi High Court Postponed Salman Khan Case Hearing: फिल्म ‘काला हिरन: द बैटल फॉर लेगेसी’ की रिलीज को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है. दरअसल, इस फिल्म की रिलीज के खिलाफ सलमान खान की याचिका पर गुरुवार को होने वाली सुनवाई को दिल्ली हाई कोर्ट ने स्थगित कर दिया है. जानकारी के अनुसार, कोर्ट ने समय की कमी के कारण इस मामले की सुनवाई को स्थगित किया है. हालांकि, कोर्ट ने सलमान की याचिका पर सुनवाई के लिए एक नई डेट दे दी है. चलिए आपको पूरा माजरा विस्तार से समझाते हैं.
सलमान खान की याचिका पर टाली सुनवाई
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट ने ‘काला हिरन: द बैटल फॉर लेगेसी’ की रिलीज के खिलाफ दायर की गई सलमान खान की याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दिया है. अब इस शुक्रवार को मामले पर सुनवाई होगी. सलमान की याचिका की सुनवाई न्यायमूर्ति ज्योति सिंह के समक्ष सूचीबद्ध की गई थी. इससे पहले हुई सुनवाई में सलमान खान के वकील निजाम पाशा ने कोर्ट को बताया कि फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा अभी तक नहीं हुई है, फिर भी फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर जारी किए जा चुके हैं.

बता दें कि इससे पहले सलमान खान की तरफ से फिल्म की रिलीज के खिलाफ राहत की मांग करने के बाद अदालत ने फिल्म निर्माता अमित जानी और बाकी के प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया था.
क्या है सलमान खान की याचिका?
इसके बाद सलमान खान और उनकी टीम ने दिल्ली हाई कोर्ट में और याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने दावा किया कि फिल्म ‘काला हिरन’ में बिना उनकी अनुमति के उनकी व्यक्तिगत छवि और उनकी जीवन की कहानी का इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म उनसे जुड़ी घटनाओं को गलत तरीके से पेश करती है और उनकी प्राइवेसी राइट्स का उल्लंघन करती है. सलमान खान की कानूनी टीम ने आगे तर्क दिया कि फिल्म ‘काला हिरन’ उनके 1998 के काले हिरण के शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ उनकी कथित दुश्मनी से प्रेरित है. इसलिए सलमान खान ने फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए कोर्ट का रुख किया है.