Hanuman Ansh: बॉक्स ऑफिस पर एक शांत शुरुआत के बाद अचानक तूफान मचाने वाली आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) ने कमाई के कई पुराने रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए हैं. थिएटर में अपने 8 हफ्ते पूरे करने के बाद फिल्म ने न सिर्फ भारतीय दर्शकों के दिलों पर राज किया, बल्कि मेकर्स की झोली भी पैसों से भर दी है. बेहद धीमी शुरुआत से सफर शुरू करने वाली इस फिल्म ने 8वें वीकेंड के बाद दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है.
10 लाख से 400 करोड़ का सफर
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत देखकर शायद ही किसी ने अंदाजा लगाया होगा कि यह इतने बड़े रिकॉर्ड बनाएगी. फिल्म ने महज 10 लाख रुपये की बहुत ही सुस्त ओपनिंग ली थी. शुरुआती दो हफ्तों में इसका कुल नेट कलेक्शन केवल 1.50 करोड़ रुपये के आसपास ही सिमट गया था. हालांकि, तीसरे हफ्ते से मजबूत ‘वर्ड ऑफ माउथ’ और इमोशनल कंटेंट की वजह से दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी और चौथे हफ्ते के बाद से फिल्म हर हफ्ते 60 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट बटोरने लगी.
8वें वीकेंड में 19 करोड़ की बंपर कमाई
फिल्म का 8वां वीकेंड भी बॉक्स ऑफिस पर काफी धमाकेदार साबित हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार और रविवार को मिलाकर फिल्म ने 18.95 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिसमें सिर्फ संडे का हिस्सा करीब 9 करोड़ रुपये का रहा. इस शानदार परफॉर्मेंस के साथ भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 307 करोड़ रुपये और डोमेस्टिक ग्रॉस कलेक्शन 362 करोड़ रुपये हो गया है. रविवार को 300 करोड़ नेट का माइलस्टोन पार करने के बाद फिल्म की टीम ने गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से भी खास मुलाकात की.
विदेशी बाजार में 4 मिलियन डॉलर पार
भारत में सफलता के लगभग 6 हफ्ते बाद फिल्म को इंटरनेशनल मार्केट में रिलीज किया गया था. देर से रिलीज होने के बावजूद विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी दर्शकों ने जमकर प्यार लुटाया और फिल्म ने ओवरसीज में 4 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई कर ली है. घरेलू और विदेशी मार्केट को मिलाकर ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 402 करोड़ रुपये हो चुका है.
‘3 इडियट्स’ और ‘कांतारा’ को छोड़ा पीछे
आठवें हफ्ते में तगड़ी कमाई जारी रखते हुए ‘हनुमान अंश’ ने कई ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लाइफटाइम रिकॉर्ड्स को चकनाचूर कर दिया है. संडे को फिल्म ने ‘कृष 3’ (Krrish 3) और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ (Chennai Express) को पीछे छोड़ा, जिसके बाद यह ‘3 इडियट्स’ (3 Idiots) और ‘कांतारा’ (Kantara) के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पार कर गई. जिस रफ्तार से यह आगे बढ़ रही है, ट्रेड एनालिस्ट्स अब इसके 450 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगा रहे हैं.
संत नीम करौली बाबा पर बेस्ड कहानी
विशाल चतुर्वेदी (Vishal Chaturvedi) के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म एक स्पिरिचुअल ड्रामा है. कहानी ‘लक्ष्मीनारायण’ नाम के एक युवा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां को खोने के बाद जीवन, मृत्यु और मानवीय दुखों के जवाब तलाशने उत्तर भारत की यात्रा पर निकल जाता है. यही आध्यात्मिक तलाश उसे उस राह पर ले जाती है, जहां वह आगे चलकर पूजनीय ‘संत नीम करौली बाबा’ (Neem Karoli Baba) के रूप में जाने जाते हैं. फिल्म में शोभिनव सत्य (Shobhinav Satya) लीड रोल में हैं, जबकि विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल जैसे एक्टर्स ने अहम किरदार निभाए हैं.