गोविंदा बीते लंबे वक्त से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खबरों में बने हुए हैं. वह इन दिनों अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ अलगाव की खबरों को लेकर छाए हुए हैं. एक्टर की पत्नी सुनीता ने उनकी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ की एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर आरोप लगाए थे. इतना ही नहीं सुनीता को फैमिली कोर्ट के बाहर स्पॉट किया गया था. जिसके बाद पता चला कि उन्होंने दो साल पहले दी गई तलाक की अर्जी को वापस ले लिया है. कहा जा रहा था कि सुनीता ने अपने तलाक की अर्जी इसलिए वापस ली, क्योंकि गोविंदा और कोमल शादी करने की प्लानिंग बना रहे थे. गोविंद ने अपनी दूसरी शादी की अफवाहों को लेकर रिएक्ट नहीं किया है. हालांकि हाल ही में एक्टर के एक रियलिटी शो में शामिल होने की खबरें सामने आ रही हैं.
राइज एंड फॉल सीजन 2 का हिस्सा बनेंगे गोविंदा
दरअसल, वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के मेकर्स ने गोविंदा से संपर्क किया है. बता दें कि पहले सीजन को अश्नीर ग्रोवर ने होस्ट किया था और अर्जुन बिजलानी शो के विनर बने थे. गोविंदा को लेकर बात करें तो वह शो का हिस्सा बनने को लेकर एक्साइटेड हैं. एक सोर्स ने पोर्टल को बताया था कि अगर सब कुछ ठीक रहा, तो यह पहली बार होगा कि गोविंदा किसी रियलिटी शो में बतौर कंटेस्टेंट नजर आएंगे. हालांकि अभी तक इसको लेकर ऑफिशियल तौर पर पुष्टि नहीं की गई है.
इन शोज में बतौर गेस्ट पहुंच चुके हैं गोविंदा
बता दें कि गोविंदा तमाम रियलिटी शोज में बतौर गेस्ट शिरकत कर चुके हैं. वह पिछली बार लॉक अप 2 में नजर आए थे, जहां उनकी पत्नी सुनीता आहूजा कंटेस्टेंट के तौर पर पहुंची थीं. इसके अलावा गोविंदा इंडियन आइडल, डांस इंडिया डांस, सुपर डांसर, बिग बॉस और कई रियलिटी शोज में बतौर गेस्ट नजर आ चुके हैं.
सुनीता और गोविंदा विवाद
वहीं, गोविंदा और सुनीता आहूजा को लेकर बात करें तो दोनों की पर्सनल लाइफ इन दिनों खबरों में बनी हुई है. सुनीता को गोविंदा और उनकी को-स्टार कोमल रानी संग नजदीकियां रास नहीं आ रही हैं. उन्होंने गोविंदा को कोमल रानी का शुगर डैडी कहा था. इतना ही नहीं सुनीता ने गुस्से में ये भी कहा था कि वो बेटी की उम्र की लड़की को लेकर घूम रहा है, उसे शर्म आनी चाहिए. इन बातों के बाद गोविंदा ने पलटवार किया था और कहा था की अपनी हद में रहो.
पहले सीजन में नजर आए थे ये सेलेब्स
वहीं, राइज एंड फॉल की बात करें तो यह शो सोनी टीवी पर टेलीकास्ट हुआ था और अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हुआ था. इस शो में पिछली बार नयनदीप रक्षित, कीकू शारदा, पवन सिंह, आहना कुमरा, बाली, आरुष भोला, मनीषा रानी, आदित्य नारायण, अरबाज पटेल, धनश्री वर्मा और अन्य लोग कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल थे. इस शो को अर्जुन बिजलानी ने जीता था.