Talat Aziz: बॉलीवुड के लेजेंड्री गजल गायक तलत अजीज (Talat Aziz) के मुंबई स्थित जुहू वाले डुप्लेक्स अपार्टमेंट में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरे घर में काला धुआं भर गया, जिससे सांस लेने में भारी दिक्कत होने के कारण तलत अजीज, उनकी पत्नी और बेटों समेत परिवार के 5 लोगों को फौरन अस्पताल में एडमिट कराया गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित डिस्चार्ज कर दिया गया है. चार दशकों से इस घर में रह रहे गायक का परिवार इस हादसे के बाद पूरी तरह हिल गया है.
रात 11 बजे एसी से भड़की आग
घटना शुक्रवार रात करीब 10:56 बजे की है. तलत अजीज हॉल में टीवी देख रहे थे, तभी अचानक स्प्लिट एसी से निकली चिंगारी ने पूरे हॉल और पर्दों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते ग्राउंड फ्लोर के इलेक्ट्रिकल वायरिंग, सोफे और घर के सामान जलने लगे और पूरा डुप्लेक्स अपार्टमेंट घने धुएं से भर गया. मुंबई फायर ब्रिगेड ने रात 11:58 बजे तक आग पर काबू पाया.
बाथरूम की खिड़की से बची जान
आग और धुएं के बीच तलत अजीज की पत्नी बीना ऊपर वाले बाथरूम में फंस गईं और खिड़की से मदद मांगने लगीं. तभी एक जांबाज पड़ोसी ने सीढ़ी की मदद से खिड़की तक पहुंचकर बीना को सुरक्षित बाहर निकाला. तलत अजीज, उनकी पत्नी बीना, बेटे शायान व अदनान और सिकंदर सिंह को तुरंत ‘भारतीय आरोग्य निधि अस्पताल’ ले जाया गया, जहां से शनिवार को सभी को छुट्टी दे दी गई.
बेशकीमती हारमोनियम और पेंटिंग्स खाक
इस दर्दनाक हादसे में परिवार का भारी नुकसान हुआ है. सालों से संभालकर रखे गए तलत अजीज के बेशकीमती हारमोनियम और उनकी पत्नी बीना की कई खूबसूरत पेंटिंग्स जलकर खाक हो गईं. हालांकि, तलत अजीज ने कहा कि सामान का नुकसान दुखद है, लेकिन सबसे बड़ी राहत यह है कि उनका पूरा परिवार बिल्कुल सुरक्षित है.
होटल में शिफ्ट हुआ परिवार
घर में हुए भारी नुकसान और धुएं की वजह से जब तक अपार्टमेंट दोबारा रहने लायक नहीं हो जाता, तब तक पूरा परिवार होटल में ठहरेगा. फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारी आग लगने के सटीक कारण और इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की जांच में जुटे हुए हैं.
गजल किंग का 4 दशक का सफर
तलत अजीज पिछले 4 दशकों से गजल और हिंदी सिनेमा की दुनिया में अपनी आवाज का जादू बिखेर रहे हैं. 1981 की फिल्म ‘उमराव जान’ का गजल गीत ‘जिंदगी जब भी’, 1982 की ‘बाजार’ का ‘फिर छिड़ी रात’ और 1989 की फिल्म ‘डैडी’ का ‘आइना मुझसे मेरे’ उनके सदाबहार गानों में शामिल हैं. उनके फैंस उनके सुरक्षित होने पर भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं.