अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी बॉलीवुड की हिट जोड़ियों में से एक है. दोनों कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’ जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया है. हाल ही में अक्षय कुमार ने प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भूत बंगला’ में काम किया था. दोनों सालों बाद इस फिल्म के जरिए फिर साथ नजर आए. इसके बाद अब दोनों ‘हैवान’ में साथ काम कर रहे. बीते दिनों फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था, जो काफी दमदार है. इस फिल्म में सैफ अली खान भी दिखाई देंगे। ‘हैवान’ के अलावा प्रियदर्शन और अक्षय कुमार एक बार फिर साथ काम करने वाले हैं। तो चलिए जानते हैं दोनों की आने वाली फिल्म के बारे में.
प्रियदर्शन और अक्षय कुमार फिर आएंगे साथ
दरअसल, प्रियदर्शन और अक्षय कुमार एक नई फिल्म की तैयारी कर रहे हैं. मिड-डे के मुताबिक, यह फिल्म वन्यजीव संरक्षण के मुद्दे पर आधारित होगी. इस फिल्म की कहानी एक शिकारी और वन्यजीव संरक्षणवादी जिम कॉर्बेट से प्रेरित होगी. फिल्म की कहानी 1960 के दशक में सेट की जाएगी. इसमें सिर्फ थ्रिलर ही नहीं, बल्कि कॉमेडी भी देखने को मिलेगी. हालांकि, अभी तक इस अपकमिंग फिल्म का टाइटल कंफर्म नहीं किया गया है.
क्या होगा अक्षय कुमार का रोल?
रिपोर्ट में अक्षय कुमार के किरदार के बारे में भी बताया गया है. बताया जा रहा है कि फिल्म में एक्टर एक ऐसे शिकारी और ट्रैकर का किरदार निभाएंगे, जिसे जंगल के बारे में गहरी जानकारी है. शुरुआत में अक्षय एक शिकारी के तौर पर काम करते हैं. वह बाघ और तेंदुओं का शिकार करते हैं, क्योंकि गांव में उनके कारण दहशत बनी रहती है. हालांकि, बाद में वह जंगल के जानवरों की सुरक्षा करने लगते हैं.
इस दिन से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
बता दें कि मेकर्स ने अभी तक फिल्म का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसी साल अक्टूबर में फिल्म पर काम शुरू किया जाएगा और अगले साल जनवरी से इसकी शूटिंग शुरू होगी.
इस दिन रिलीज होगी हैवान
वहीं, ‘हैवान’ की बात करें तो यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में अक्षय ने विलेन का किरदार निभाया है.
यह भी पढ़ें-Haiwan Teaser: अंधे सैफ अली खान के पीछे पड़ा ये खूंखार कातिल, अक्षय कुमार का लुक देख कांप जाएगी रूंह