Yash Toxic A Certificate: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश की मच अवेटेड एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) को लेकर दर्शकों का इंतजार खत्म होने जा रहा है. गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह मेगा बजट फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. हाल ही में फिल्म को सेंसर बोर्ड से आधिकारिक प्रमाण पत्र मिल गया है, जिसके बाद इसके रनटाइम और कहानी से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं. ‘A’ सर्टिफिकेट मिलने के बाद यह तय माना जा रहा है कि थिएटर्स में दर्शकों को जबरदस्त एक्शन और डार्क थ्रिल देखने को मिलने वाला है.
सेंसर बोर्ड से मिला ‘A’ प्रमाण पत्र
सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ‘टॉक्सिक’ को वयस्कों के लिए उपयुक्त मानते हुए ‘A’ (एडल्ट) सर्टिफिकेट दिया गया है. इस फिल्म की कुल अवधि 194 मिनट यानी 3 घंटे 14 मिनट तय की गई है. लंबा रनटाइम यह संकेत देता है कि कहानी में काफी गहराई और रोमांच भरा हुआ है.
आजादी के बाद के गोवा की कहानी
फिल्म का प्लॉट आजादी के बाद के गोवा के बैकड्रॉप पर आधारित है, जहां अपराध, हिंसा और ईर्ष्या का बोलबाला है. इस माहौल के बीच एक गैंगस्टर अपने वफादारी के सिद्धांतों और खुद को बदलने की जंग लड़ता है. फिल्म में यश ‘राया’ नाम के एक निडर और बेकाबू शख्स का किरदार निभा रहे हैं.
नामी सितारों की लगी बड़ी टोली
इस पैन-इंडिया प्रोजेक्ट में यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसी नामी अभिनेत्रियां अहम किरदारों में हैं. मूल रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में बनी यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज की जाएगी.
कई बार टली फिल्म की रिलीज
फिल्म की रिलीज डेट में मेकर्स ने कई बार बदलाव किए हैं. पहले इसे मार्च 2026 और फिर जून में लाने की योजना थी. आखिरकार दुनिया भर में बेहतर माहौल और सही समय पाने के लिए अब इसे 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में उतारने की अंतिम तारीख तय की गई है.
‘रामायण’ में दिखेंगे यश
‘टॉक्सिक’ के बाद यश निर्देशक नितेश तिवारी की पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ में रावण के अवतार में नजर आएंगे. इस बड़े बजट की फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में होंगे. यह दो भागों वाली फिल्म 2026 और 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.