Prem Keetanu Trailer Released: वीर पहाड़िया, अपारशक्ति खुराना की अपकमिंग फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें कॉलेज के दिनों का प्यार, मस्ती और मीठी-मीठी नोकझोंक देखने को मिल रही है. ट्रेलर ने कॉलेज के वो दिन याद दिला दिए हैं, जब आप इन पलों को जिया करते थे. यह वही लम्हा है, जो जिंदगी का सबसे बड़ा हिस्सा हुआ करता था. फिल्म में वीर पहाड़िया और अपारशक्ति खुराना एक ही लड़की के प्यार में पड़ जाते हैं. जिसके बाद कहानी में टकराव देखने को मिलता है.
प्यार में डूबे वीर पहाड़िया
ट्रेलर में वीर पहाड़िया एक ऐसे लड़के का किरदार निभा रहे हैं, जो प्यार में पूरी तरह खो चुका है. वह अपने दिल की बात समझने और उसे संभालने की कोशिश करता नजर आता है. प्यार, दोस्ती, जलन और दिल टूटने के बीच उनका किरदार मासूमियत से भरा दिखाई देता है. वहीं, अपारशक्ति खुराना अपने स्टाइलिश अंदाज और स्वैग से ट्रेलर में अलग ही रंग भरते हैं. उनका किरदार कॉन्फिडेंस और मस्ती से भरपूर नजर आता है.
एक लड़की और दो दीवाने
कहानी में आफिया सैयद की एंट्री होती है, जिनके किरदार के इर्द-गिर्द दोनों लड़कों की दुनिया घूमने लगती है. दोनों को एक ही लड़की से प्यार हो जाता है और यहीं से शुरू होती है मजेदार टक्कर. कभी दोस्ती तो कभी जलन, कभी रोमांस तो कभी नोकझोंक ट्रेलर में रिश्तों के इन सभी रंगों की झलक देखने को मिलती है.
फिल्म में राकेश बेदी और निखिल विजय भी अहम किरदारों में हैं. दोनों अपने अंदाज से कहानी में कॉमेडी और मस्ती का तड़का लगाते नजर आते हैं. ट्रेलर में दोस्तों की मस्ती और कॉलेज लाइफ के कई ऐसे पल हैं, जो दर्शकों को अपने पुराने दिनों की याद दिला सकते हैं.
गानों में दिखा पुराने बॉलीवुड का रंग
‘प्रेम कीटाणु’ के ट्रेलर की एक खास बात इसका म्यूजिक भी है. प्यार, दोस्ती और दिल टूटने वाले सीन्स के साथ फिल्म के गाने कहानी को आगे बढ़ाते हैं. म्यूजिक में पुराने हिंदी सिनेमा की झलक दिखाई देती है. रंगीन लोकेशन, कॉलेज का माहौल और हल्की-फुल्की कॉमेडी फिल्म को एक मसाला एंटरटेनर वाला अंदाज देते हैं.