Bigg Boss 20: सलमान खान का शो ‘बिग बॉस’ इन दिनों अपने ड्रामे और ट्विस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. हाल ही में शो से एविक्ट हुईं कंटेस्टेंट ईशा रिखी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट शेयर कर अपने दिल की बात लिखी है, जिसमें उन्होंने कहीं अफसोस जताया तो कहीं शुक्रिया अदा किया है.
तीन हफ्तों के सफर को कहा खास
ईशा रिखी ने ‘बिग बॉस’ के घर में बिताए तीन हफ्तों का जिक्र करते हुए लिखा, ‘बिग बॉस हाउस में बिताए तीन हफ्ते, ढेर सारी भावनाएं, अनुभव, चुनौतियां, हंसी, आंसू और ऐसी यादें जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी. वापस आने पर मुझे एहसास हुआ कि आपका प्यार और सपोर्ट मेरे लिए कितना मायने रखता है. उन सभी लोगों का शुक्रिया जिन्होंने मेरा साथ दिया, मुझ पर भरोसा किया, मेरा हौसला बढ़ाया और उन लोगों का भी जिन्होंने मेरा साथ नहीं दिया.
ईशा ने जताया आभार
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं हर राय, हर मैसेज और हर उस व्यक्ति की आभारी हूं, जो किसी न किसी तरह मेरे इस सफर का हिस्सा रहे.’ उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए आसान नहीं थे. कई बार मैं इमोशनली टूट गई, ऐसे पल भी आए जब मुझे अपनी बात कहने में मुश्किल हुई, और कभी-कभी शायद मैं वैसी नहीं दिख पाई जैसी मैं दिखना चाहती थी.
निराश करने पर जताया अफसोस
आगे ईशा बोलीं, ‘मुझे पता है कि शायद मैंने आप में से कुछ लोगों को निराश किया हो, और अगर ऐसा हुआ है, तो मुझे सच में बहुत अफसोस है. मैं अभी भी सब कुछ समझने और खुद को बेहतर ढंग से जानने की कोशिश कर रही हूं, और इस पूरे अनुभव को एक सीख के तौर पर ले रही हूं. लेकिन एक बात जो मैं आप सभी को बताना चाहती हूं, वह यह है कि मैंने आपका प्यार महसूस किया, भले ही मैं खुद ज्यादा कुछ जाहिर नहीं कर पाई और यह मेरे लिए शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखता है.
दिल से किया शुक्रिया
आखिरी में उन्होंने लिखा, कि मेरे साथ खड़े रहने, मुझे समझने और लगातार मेरा सपोर्ट करने के लिए आपका शुक्रिया. मैं सच में बहुत-बहुत आभारी हूं.
कौन हैं ईशा रिखी?
ईशा रिखी पंजाबी फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. उन्होंने साल 2013 में फिल्म ‘जट्ट बॉयज पुत्त जट्टा दे’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद वह ‘हैप्पी गो लकी’, ‘अरदास’ जैसी फिल्मों में नजर आईं. इस साल की शुरुआत में उनका नाम रैपर बादशाह के साथ रिश्ते को लेकर भी चर्चा में रहा. हालांकि, बाद में दोनों ने सोशल मीडिया पर अपने अलग होने की जानकारी दी. इसके बाद ईशा ने ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री ली, लेकिन अब उनका शो का सफर भी खत्म हो चुका है.