Kareena Kapoor Shares Picture With Mira Rajput: करीना कपूर ने अपने फैंस को उस वक्त बड़ा सरप्राइज दिया, जब उन्होंने शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत के साथ अपनी तस्वीर शेयर की. जिसे देखकर फैंस को हैरानी भी हुई और यह जानने की उत्सुक भी दिखी कि आखिर मामला है क्या? बेबो और मीरा की इस तस्वीर ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है.
सोशल मीडिया पर क्यों मची हलचल?
दरअसल, करीना कपूर अपने रेडियो शो ‘व्हाट वीमेन वांट’ के नए एपिसोड में मीरा राजपूत को लेकर आई हैं. एक्ट्रेस ने मंगलवार शाम अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मीरा के साथ एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ करीना ने लिखा, ‘आज शो में बहुत ही प्यारी मीरा कपूर आईं.’ तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई.
एक फ्रेम में करीना और मीरा
तस्वीर में करीना और मीरा दोनों बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रही हैं. मीरा ने क्रीम कलर का कॉर्सेट टॉप और ब्लैक स्कर्ट पहनी है. वहीं करीना रेड टॉप के साथ लेदर स्कर्ट में दिखाई दे रही हैं. दोनों कैमरे के सामने साथ पोज देती नजर आईं. अब फैंस को इस खास एपिसोड के रिलीज होने का इंतजार है.

तस्वीर ने क्यों किया लोगों को हैरान?
हालांकि, इस तस्वीर के साथ दोनों के बीच का पुराना कनेक्शन भी चर्चा में आ गया है. एक वक्त था जब करीना कपूर और शाहिद कपूर बॉलीवुड के चर्चित कपल हुआ करते थे. दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों करीब 2004 से 2007 तक रिलेशनशिप में रहे. बाद में दोनों अलग हो गए.
करीना ने सैफ और शाहिद ने मीरा से की शादी
इसके बाद करीना की जिंदगी में सैफ अली खान आए और दोनों ने साल 2012 में शादी कर ली. दोनों के दो बेटे तैमूर और जेह हैं. वहीं शाहिद कपूर ने साल 2015 में मीरा राजपूत से शादी की. शाहिद और मीरा के दो बच्चे हैं. बेटी मीशा और बेटा जैन.
जब मीरा के बयान ने मचाई थी हलचल
कुछ साल पहले मीरा राजपूत का एक बयान भी खूब चर्चा में आया था. उन्होंने बच्चों की परवरिश को लेकर कहा था कि वह अपने बच्चे के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहती हैं. उनके इस बयान को उस वक्त करीना कपूर के काम करने से जोड़कर देखा गया था.
फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज
हालांकि, बाद में मीरा ने अपने पुराने बयान पर सफाई दी और साल 2024 में माना कि उस समय उनकी सोच अलग थी. समय के साथ उन्हें समझ आया कि महिलाएं घर, बच्चों और अपने काम के बीच बैलेंस बना सकती हैं. ऐसे में अब करीना और मीरा का एक साथ नजर आना वाकई फैंस के लिए दिलचस्प सरप्राइज है.