टीवी के मशहूर सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर सुनील लहरी एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका कोई शो या फिल्म नहीं, बल्कि युवाओं के नाम उनका खास संदेश है. दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच एक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लोगों को सोच समझकर कदम उठाने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि आज के समय में किसी की भी बातों पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है. एक छोटी सी गलती जिंदगीभर पछतावे की वजह बन सकती है.
सुनील लहरी ने युवाओं को क्या दी नसीहत?
दरअसल, सुनील लहरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 59 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया. जिसमें उन्होंने लोगों को अफवाहों से बचने और किसी भी बात पर भरोसा करने से पहले अपनी समझ का इस्तेमाल करने की सलाह दी. हालांकि, एक्टर ने अपने वीडियो में दिल्ली में चल रहे CJP प्रदर्शन का सीधे तौर पर कोई जिक्र नहीं किया है, लेकिन मौजूदा हालात के बीच उनका यह मैसे चर्चा में आ गया है.
गलत का साथ देने से बचने की दी सलाह
वीडियो में सुनील लहरी कहते हैं, ‘प्रणाम दोस्तों, हम में से अक्सर बहुत सारे लोग सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास कर लेते हैं. जो लोग हमें दिखाना चाहते हैं, उसे देखकर भी हम भरोसा कर लेते हैं. ऐसे में कई बार हम गलत का साथ दे देते हैं और बाद में पछताना पड़ता है.’
सुनील की युवाओं को चेतावनी
वीडियो में एक्टर ने आगे कहा कि किसी की बातों में आकर कोई भी फैसला नहीं लेना चाहिए. खासकर उन्होंने युवाओं को सतर्क रहने की सलाह भी दी. सुनील लहरी ने अपने मैसेज में कहा कि कान के कभी कच्चे मत बनो और आंख वाले अंधे मत बनो. अफवाहों पर विश्वास मत करो और अपनी अक्ल लगाओ, क्योंकि समय बहुत खराब चल रहा है. एक छोटी सी गलती बहुत बड़ा नुकसान कर सकती है और जिंदगीभर के लिए पछताना पड़ सकता है.’
आखिर में एक्टर ने क्या बोला?
आखिर में एक्टर ने सभी को अपना ख्याल रखने, खुश रहने और सुरक्षित रहने की सलाह दी. उन्होंने ‘जय श्री राम’ के साथ वीडियो को खत्म किया. हालांकि इस बीच कहीं भी एक्टर ने सीजेपी प्रोटेस्ट का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस वीडियो को इस प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है.
क्यों हो रहा सीजेपी प्रोटेस्ट?
बता दें, कि दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन हो रहा है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) और फॉर्म-6 जैसी प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों के कारण कई मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं. इसी बीच सुनील लहरी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. बहराहल, सुनील लहरी के इस संदेश को लेकर लोग अपने रिएक्शन दे रहे हैं.