‘बिग बॉस 20’ में अब ड्रामा तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. शो के तीसरे एपिसोड में जहां पहला नॉमिनेशन पूरा हुआ, वहीं घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली. आम्रपाली दुबे और अरिशफा खान के बीच उम्र को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने माहौल गर्म कर दिया. इसके अलावा एक खास एक्टिविटी में कुछ कंटेस्टेंट्स की लाइफलाइन भी छिन गई. एपिसोड के आखिर में ईशा रिखी ने रैपर बादशाह के साथ अपने रिश्ते पर बात करने से साफ इनकार कर दिया.
कैसा रहा कैप्टेंसी टास्क?
एपिसोड की शुरुआत कैप्टेंसी टास्क से हुई. कनिका मान ने अपनी स्पेशल टास्कमास्टर पावर का इस्तेमाल करते हुए काजी तौकीर को पहले ही रेस से बाहर कर दिया. इसके बाद ईशा रिखी, अमन गांधी और आम्रपाली दुबे भी टास्क से बाहर हो गए. धीरे-धीरे उदिति सिंह, मैरी कॉम, रोहेद खान, कनिका मान, अरिशफा खान और स्काउट भी बाहर हो गए.
कैप्टेंसी टास्क में भिड़े कंटेस्टेंट
आखिर में गुल्लू, आसिफ खान और युंग डीएसए के बीच मुकाबला बचा. हालांकि, कैप्टेंसी टास्क दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आया, लेकिन इसके बाद घर में हुए विवादों ने एपिसोड में खूब मसाला डाल दिया.
आम्रपाली और अरिशफा में हुई तीखी बहस
लिविंग एरिया में बातचीत के दौरान आम्रपाली ने फिल्म ‘राज’ का जिक्र करते हुए कहा कि जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तब घर के कई सदस्य पैदा भी नहीं हुए थे. उनकी यह बात अरिशफा को पसंद नहीं आई. उन्होंने आम्रपाली पर उम्र को लेकर कमेंट करने का आरोप लगाया.
आम्रपाली ने दी सफाई
आम्रपाली ने सफाई दी कि उनका मकसद किसी का मजाक उड़ाना नहीं था, लेकिन बात बढ़ती चली गई. आम्रपाली ने अरिशफा को ‘सोर लूजर’ तक कह दिया. इस दौरान माही विज भी बीच में नजर आईं और उन्होंने अरिशफा को मामला आगे न बढ़ाने की सलाह दी.
लाइफलाइन छीनने का मिला मौका
इसके बाद बिग बॉस ने गुल्लू, आसिफ और युंग को एक खास एक्टिविटी रूम में बुलाया. यहां उन्हें दो दरवाजों में से एक चुनना था. ‘X’ वाले दरवाजे का मतलब था किसी कंटेस्टेंट की लाइफलाइन खत्म करना. आसिफ ने अरिशफा को टारगेट किया, जबकि गुल्लू ने उदिति और युंग ने कनिका की लाइफलाइन छीन ली.
नॉमिनेशन में फंसे ये चार नाम
पहले नॉमिनेशन के बाद कनिका मान, उदिति सिंह, अरिशफा खान और लव गिल इस हफ्ते नॉमिनेट हो गए हैं. अब इन चारों में से किसका सफर खत्म होता है, यह आने वाले दिनों में पता चलेगा.
बादशाह पर ईशा ने साधी चुप्पी
एपिसोड के आखिरी में ईशा रिखी से युंग डीएसए ने म्यूजिशियन के बारे में सवाल किया. ईशा ने सीधे नाम लेने के बजाय उसे एक्स कहा और साफ शब्दों में बोलीं, ‘नो कमेंट्स.’ बहरहाल, शो में पहले नॉमिनेशन को लेकर प्रोसेस शुरू हो गई है, अब देखना दिलचस्प होगा कि घर में आने वाले दिनों में और क्या-क्या बवाल देखने को मिलेंगे.