‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों घमासान मचा हुआ है, कंटेस्टेंट आपस में धक्का-मुक्की से लेकर मारपीट पर उतर आए हैं, लेकिन इस बीच एक ऐसी चीज हुई जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया. क्योंकि शो में काजी को कुछ ऐसा ऑफर हुआ जिसने पिछले सीजन की कई यादों को ताजा कर दिया, दरअसल ‘बिग बॉस’ का घर सिर्फ लड़ाई-झगड़ों, दोस्ती और प्यार के लिए ही नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स की किस्मत बदलने के लिए भी जाना जाता है. कई बार इस शो में रहते हुए ही सितारों को ऐसे ऑफर मिल जाते हैं, जो उनके करियर को नई दिशा दे देते हैं. अब काजी तौकीर को साजिद खान की तरफ से 5 गानों का ऑफर मिलने की खबर चर्चा में है. बताया जा रहा है कि काजी को रोते हुए देखकर साजिद ने उन्हें गानों का ऑफर दिया. आइए जानते हैं, उन कंटेस्टेंट्स के बारे में… जिन्हें बिग बॉस के घर में रहते हुए या शो से निकलते ही नए प्रोजेक्ट्स मिले.

तेजस्वी प्रकाश को मिला ‘नागिन’ बनने का मौका
तेजस्वी प्रकाश के लिए ‘बिग बॉस 15’ काफी खास रहा. शो में रहते हुए ही उन्हें एकता कपूर के सुपरनैचुरल शो ‘नागिन 6’ में लीड रोल का ऑफर मिला था. शो के ग्रैंड फिनाले में सलमान खान ने इसका ऐलान किया था. इसके बाद तेजस्वी नागिन के अवतार में भी नजर आई थीं. बिग बॉस की ट्रॉफी जीतने के साथ उनके हाथ एक बड़ा टीवी प्रोजेक्ट भी लग गया था.

शहनाज गिल को मिला अपना शो
‘बिग बॉस 13’ में शहनाज गिल ने अपनी चुलबुली बातों और मस्ती से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था. शो में उनकी केमिस्ट्री सिद्धार्थ शुक्ला के साथ खूब जमीं थीं, फैंस को भी उनकी जोड़ी खूब पसंद आती थी, शो खत्म होने के बाद शहनाज को ‘मुझसे शादी करोगे’ नाम के रियलिटी शो में काम करने का मौका मिला. इस शो में शहनाज के साथ पारस छाबड़ा भी नजर आए थे.

हिना खान बनीं ‘कोमोलिका’
‘बिग बॉस 11’ में हिना खान का अंदाज खूब चर्चा में रहा था. शो के दौरान उनकी अलग-अलग पर्सनालिटी देखने को मिली. हिना ने खुद बताया था कि उनके इस बदले हुए अंदाज को देखकर ही उन्हें एकता कपूर के शो ‘कसौटी जिंदगी की 2’ में कोमोलिका का किरदार ऑफर हुआ था. इस नेगेटिव रोल में हिना को काफी पसंद किया गया था.

प्रियंका चाहर चौधरी को मिला ‘नागिन’ का ऑफर
‘बिग बॉस 16’ में प्रियंका चाहर चौधरी अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी गईं. शो में एकता कपूर की एंट्री के दौरान प्रियंका को लेकर ‘नागिन’ के किरदार की चर्चा हुई थी. प्रियंका ने भी इस बात के संकेत मिलने पर अपनी खुशी जाहिर की थी. इसके बाद उनके ‘नागिन’ बनने की खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरीं.

तन्या मित्तल को एकता कपूर ने दिया ऑफर
‘बिग बॉस 19’ के दौरान भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. मशहूर निर्माता एकता कपूर शो में पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने तन्या मित्तल को अपने नए टीवी शो के लिए ऑफर दिया था. इससे तन्या को बिग बॉस के घर में रहते हुए ही एक नए प्रोजेक्ट से जुड़ने का मौका मिला.
कंटेस्टेंट्स के लिए बड़ा मौका है बिग बॉस
बहरहाल, बिग बॉस में हिस्सा लेना कई सितारों के लिए करियर का अहम पड़ाव साबित हुआ है. शो के जरिए उन्हें नई पहचान मिलती है और दर्शकों के बीच उनकी पॉपुलैरिटी भी बढ़ती है. ऐसे में अगर घर में रहते हुए किसी कंटेस्टेंट को नए शो या गानों का ऑफर मिल जाए, तो यह उसके करियर के लिए बड़ा मौका बन सकता है. अब काजी तौकीर को मिले 5 गानों के ऑफर को लेकर दर्शक बेहद खुश नजर आ रहे हैं, और सोशल मीडिया पर उनके फैंस दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं.