‘क्राइम पेट्रोल’ का नाम सुनते ही आज भी कई दर्शकों के जहन में अनूप सोनी का चेहरा आ जाता है. लंबे समय तक इस शो को होस्ट करने वाले अनूप सोनी अब इसका हिस्सा नहीं हैं. शो के नए सीजन में उनकी जगह अभिनेता अजय देवगन नजर आने वाले हैं. ऐसे में अनूप सोनी ने पहली बार इस बदलाव पर खुलकर बात की है. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कैसे ‘क्राइम पेट्रोल’ उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बन गया.
‘क्राइम पेट्रोल’ ने बदल दी पहचान
अनूप सोनी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि लोग उन्हें हमेशा ‘क्राइम पेट्रोल’ के लिए याद रखेंगे. उन्होंने बताया कि इस शो को होस्ट करने से पहले दर्शक उन्हें टीवी शो ‘बालिका वधू’ के लिए ज्यादा जानते थे. हालांकि, ‘क्राइम पेट्रोल’ से जुड़ने के बाद उनकी पहचान ही बदल गई.

क्या बोले अनूप सोनी?
अनूप के मुताबिक, शो ने उन्हें दर्शकों के बीच एक अलग पहचान दी और आज भी लोग उन्हें इस शो के होस्ट के तौर पर याद करते हैं. यही वजह है कि शो से अलग होने के बावजूद ‘क्राइम पेट्रोल’ उनके करियर का बेहद खास हिस्सा रहेगा.
एक्टिंग छोड़ होस्टिंग करने में थी दुविधा
अनूप सोनी ने यह भी बताया कि जब उन्हें ‘क्राइम पेट्रोल’ होस्ट करने का ऑफर मिला था, तब वह इसे लेकर काफी असमंजस में थे. उस समय वह मुख्य रूप से अभिनेता के तौर पर काम कर रहे थे और उनके लिए एक्टिंग से होस्टिंग की तरफ जाना एक बड़ा फैसला था.

किसने अनूप को समझाया था
इस दौरान अभिनेता अनिल कपूर ने उन्हें एक खास सलाह दी थी. अनूप ने बताया कि अनिल कपूर ने उन्हें समझाया था कि मनोरंजन की दुनिया में सिर्फ फिल्मों में अभिनय करना ही जरूरी नहीं है. टीवी शो, वेब सीरीज और दूसरे तरह के प्रोजेक्ट भी कलाकार की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

अजय देवगन संभालेंगे शो की कमान
अब ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन में अजय देवगन होस्ट की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे. शो का नया सीजन ‘क्राइम पेट्रोल: क्राइम का करेंट सीजन’ नाम से दर्शकों के सामने आने वाला है. मेकर्स ने इसका प्रोमो भी जारी कर दिया है, जिसमें अजय देवगन का नया अंदाज देखने को मिल रहा है.

कब से शुरू होगा शो?
प्रोमो के मुताबिक, शो का प्रसारण 31 अगस्त 2026 से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा. दर्शक इसे सोनी लिव पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार, नए सीजन के शुरुआती 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है.
क्या फैंस भूल जाएंगे अनूप को?
ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि अजय देवगन ‘क्राइम पेट्रोल’ की कमान संभालकर दर्शकों पर कितना असर छोड़ पाते हैं और अनूप सोनी की पॉपुलर होस्टिंग की कमी फैंस को कितनी महसूस होती है.