कन्नड़ सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस रचिता राम इन दिनों अपनी फिल्म ‘कूली’ को लेकर चर्चा में हैं. रजनीकांत स्टारर इस फिल्म में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस के साथ उनके जन्मदिन पर कुछ ऐसा हुआ, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. रचिता अपने घर के बाहर फैंस से मिल रही थीं और उन्हें सेल्फी दे रही थीं. इसी दौरान एक फैन ने ऐसी हरकत कर दी कि एक्ट्रेस भी पलभर के लिए हैरान रह गईं.
बर्थडे पर एक्ट्रेस के साथ अजीब हरकत!
दरअसल, रचिता राम ने 3 अक्टूबर को अपना 34वां जन्मदिन मनाया. इस मौके पर उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ जमा थी. ‘डिंपल क्वीन’ के नाम से मशहूर रचिता भी अपने चाहने वालों से खुशी-खुशी मिल रही थीं और उनके साथ तस्वीरें खिंचवा रही थीं. तभी एक फैन उनके पास पहुंचा और सेल्फी लेने के बाद अचानक एक्ट्रेस के गाल खींचकर वहां से निकल गया.
सेल्फी के बाद किया कुछ ऐसा, चौंक गईं रचिता
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि रचिता लगातार फैंस के साथ मुस्कुराते हुए तस्वीरें ले रही हैं. तभी टोपी पहने एक शख्स उनके पास आता है. वह पहले एक्ट्रेस के साथ सेल्फी लेता है और फिर जाते-जाते उनके गाल खींच देता है. इस अचानक हुई हरकत से रचिता कुछ सेकेंड के लिए हैरान रह जाती हैं.
एक्ट्रेस ने नहीं खोया आपा, खुद को संभाला
हालांकि, इसके बाद भी एक्ट्रेस ने अपना आपा नहीं खोया. वह मुस्कुराती रहीं और बाकी फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाती रहीं, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने फैन के इस व्यवहार की जमकर आलोचना की.
यूजर्स का फूटा गुस्सा
कई लोगों ने कमेंट करते हुए कहा कि किसी सेलिब्रिटी के साथ फोटो लेने का मतलब यह नहीं है कि उसकी निजी सीमाएं भी पार की जाएं. एक यूजर ने इसे ‘उत्पीड़न’ बताया, जबकि दूसरे ने लिखा कि किसी अजनबी को इस तरह छूना बिल्कुल सही नहीं है. वहीं कुछ लोगों ने रचिता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अचानक हुई इस हरकत को काफी शांति से संभाला.
सलमान खान के साथ भी हुआ था ऐसा ही वाकया
रचिता के साथ हुई इस घटना ने हाल ही में सलमान खान के साथ हुए एक वाकये की भी याद दिला दी. मुंबई में एक प्रीमियर के दौरान एक फैन सलमान के बेहद करीब पहुंच गया था. तब एक्टर के बॉडीगार्ड ने तुरंत उसे दूर किया था. इन घटनाओं ने एक बार फिर सेलेब्स और फैंस के बीच पर्सनल बाउंड्री को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कौन हैं रचिता राम?
रचिता राम कन्नड़ सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस और भरतनाट्यम डांसर हैं. उन्होंने तमिल और तेलुगू फिल्मों में भी काम किया है. एक्ट्रेस की बहन नित्या राम भी टीवी और फिल्मों में सक्रिय हैं. रजनीकांत की ‘कूली’ में रचिता ने कल्याणी का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया.