पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला आज भी अपने गानों और खास अंदाज के लिए फैंस के दिलों में जिंदा हैं. उनके निधन के चार साल बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं. अब उनके छोटे भाई शुभदीप सिंह सिद्धू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. महज दो साल के शुभदीप ने कुछ ऐसा किया कि लोगों को अपने चहेते सिंगर की याद आ गई. उन्होंने अपने बड़े भाई के मशहूर सिग्नेचर स्टाइल को दोहराया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर गदर काट रहा है.
छोटे शुभदीप ने दोहराया बड़े भाई का अंदाज
दरअसल, सिद्धू मूसेवाला के ‘साइन टू गॉड होलोग्राम वर्ल्ड टूर’ की शुरुआत कनाडा के टोरंटो शहर से हुई. इसी साल 9 अक्टूबर को स्कोटियाबैंक एरिना में हुए इस इवेंट में दिवंगत सिंगर को खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी गई. इसी दौरान उनके छोटे भाई शुभदीप ने सबका ध्यान खींच लिया.
नन्हें शुभदीप ने बड़े भाई का फॉलो किया स्टाइल
वीडियो में नन्हे शुभदीप अपने बड़े भाई के मशहूर ‘थापी’ स्टाइल को दोहराते नजर आए. सिद्धू मूसेवाला जब भी स्टेज पर परफॉर्म करते थे, तो अक्सर अपनी जांघ पर हाथ मारकर यह खास अंदाज दिखाते थे. उनके इसी स्टाइल को छोटे शुभदीप ने भी दोहराया. यह पल देखकर वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे. सोशल मीडिया पर भी लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं. कई फैंस के लिए यह पल सिद्धू मूसेवाला की यादों को फिर से ताजा करने वाला रहा.
कैसे हुआ सिद्धू मूसेवाला का होलोग्राम कॉन्सर्ट?
टोरंटो में हुए इस इवेंट को दुनिया भर में होने वाले होलोग्राम टूर की शुरुआत बताया गया है. इसमें 3D होलोग्राम टेक्नीक की हेल्प से सिद्धू मूसेवाला को दोबारा स्टेज पर परफॉर्म करते हुए दिखाने की कोशिश की गई. इसके लिए उनकी असली आवाज और पुराने वीडियो का इस्तेमाल किया गया.
वीडियो में दिखी परिवार की झलक
इवेंट में सिंगर के साथ पहले काम कर चुके कुछ म्यूजीशियन भी शामिल हुए. इस दौरान उनके साल 2021 के हिट गाने ‘295’ का नया म्यूजिक वीडियो भी रिलीज किया गया. इसमें उनके पुराने वीडियो के साथ परिवार की झलक भी दिखाई गई.
कब हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या?
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह उस समय महज 28 साल के थे. उनकी हत्या की खबर से पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस को गहरा सदमा लगा था. इस मामले की जांच में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े लोगों के नाम सामने आए थे.
कब हुआ छोटे शुभदीप का जन्म?
सिद्धू मूसेवाला की मौत के करीब दो साल बाद उनके माता-पिता के घर खुशियों ने दस्तक दी. 17 मार्च 2024 को उनके परिवार में दूसरे बेटे का जन्म हुआ. उनके माता-पिता ने आईवीएफ की मदद से जन्मे अपने छोटे बेटे का नाम शुभदीप सिंह सिद्धू रखा. यह नाम सिद्धू मूसेवाला के असली नाम से जुड़ा है. अब छोटे शुभदीप का अपने बड़े भाई के अंदाज को दोहराता वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है और सिद्धू की यादें ताजा कर रहा है.